Rampur coronavirus news update : कलेक्ट्रेट का एक और कर्मचारी कोरोना संक्रमित
Rampur coronavirus news update रामपुर में लगातार कोरोना के मामले बढ़ते जा रहे हैं। अब कलेक्ट्रेट का एक और कर्मचारी संक्रमित पाया गया है।
रामपुर। रामपुर में लगातार कोरोना वायरस केे मामले बढ़ते जा रहे हैं। अब कलेक्ट्रेट का एक और कर्मचारी जांच में कोरोना संक्रमित पाया गया है। इससे कर्मचारियों में खलबली मच गई। सभी की सैंपलिंग कराई जा रही है।
डीएम आन्जनेय कुमार सिंह ने अब कलेक्ट्रेट को 48 घंटे तक बंद कर दिया है। इससे पहले तीन जुलाई को कलेक्ट्रेट के एक वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी की रिपोर्ट पॉजीटिव आने पर कलेक्ट्रेट को रविवार तक के लिए बंद कर दिया था। सोमवार से कलेक्ट्रेट को खोला जाना था, लेकिन अब बंदी का समय दो दिन के लिए बढ़ा दिया गया है। इसके साथ ही कलेक्ट्रेट के सभी कार्यालय, पुलिस कार्यालय और कचहरी को भी बंद कर दिया गया है। जिलाधिकारी ने फिर से कलेक्ट्रेट के सभी कर्मचारियों की कोरोना की जांच कराने के आदेश दिए हैं। रविवार को भी जिलाधिकारी आवास स्थित कार्यालय के तीन कर्मचारियों और सीडीओ कार्यालय के एक कर्मचारी में कोरोना संक्रमण मिला था। तब डीएम आवास स्थित कार्यालय और सीडीओ कार्यालय को बंद कर दिया गया था। लगातार कर्मचारियों में संक्रमण मिलने के बाद से सभी कर्मचारियों की जांच कराई जा रही है। उधर, जिला जज ने भी कचहरी को दो दिन के लिए बंद कर दिया है। न्यायिक अधिकारियों और न्यायिक कर्मचारियों की कोरोना जांच कराने के आदेश दिए हैं।
संपर्क में आने वाले दहशत में
संक्रमित कर्मी के संपर्क में रहे लोगों की चिंता अब बढ़ गई है। वे प्रार्थना कर रहे हैं कि उनके कोरोना के लक्षण न हो। वहीं जिला प्रशासन भी पूरी सावधानी बरत रहा है जिससे कोरोना के बढ़ते प्रसार को रोका जा सके।