मुरादाबाद में तरावीह पढ़े जाने पर हंगामा, आयरन स्टोर मालिक ने गाेदाम में कराई नमाज अदा, लोगों ने जताया विरोध
Moradabad News लाजपतनगर के गोदाम में तरावीह पढ़े जाने का विराेध किया गया। हिंदूवादी संगठनों ने हंगामा किया। कहा नई धार्मिक परंपरा नहीं पड़ने देंगे। अब गोदाम में नहीं होगी तरावीह की नमाज। इंस्पेक्टर बोले रविवार से नहीं होगी तरावीह।
मुरादाबाद, जागरण टीम। मुरादाबाद में लाजपतनगर स्थित जाकिर आयरन स्टोर के मालिक अपने गोदाम में तरावीह की नमाज अदा करा रहे थे। आसपास के लोगों ने इसका विरोध करते हुए हंगामा खड़ा कर दिया। सूचना पर पुलिस ने आकर शनिवार की तरावीह की नमाज तो पूरी करा दी लेकिन, रविवार से गोदाम में नमाज नहीं पढ़ने के लिए कह दिया है।
घर के नीचे चलाते हैं आयरन स्टोर
लाजपतनगर में जाकिर हुसैन घर से नीचे ही आयरन स्टोर चलाते हैं। इसके पड़ोस में ही उन्होंने गोदाम बना रखा है। पुलिस के मुताबिक जाकिर हुसैन के गोदाम में तीन दिन से तरावीह की नमाज हो रही थी। यहां सात दिन में कुरआन पूरा होना था। जाकिर हुसैन के स्वजन के अलावा आसपास के लोग भी उनके गोदाम में तरावीह पढ़ने के लिए आ रहे थे। शनिवार को आसपास में रहने वाले दूसरे समुदाय के लोगों को पता लगा तो उन्होंने गोदाम में तरावीह की नमाज पढ़े जाने का विरोध कर दिया। इसे लेकर हंगामा खड़ा हो गया।
गोदाम में बनाया धर्मस्थल
पुलिस के पास तो यह सूचना पहुंची कि गोदाम में धर्मस्थल बना लिया गया है। सूचना पर प्रभारी निरीक्षक कटघर राजेश कुमार सोलंकी मौके पर पहुंचे। सीओ कटघर शैलजा मिश्रा भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने जाकिर हुसैन और उनके स्वजन को समझाकर शनिवार की तरावीह तो पढ़वा दी लेकिन, रविवार से नमाज गोदाम में पढ़ने से मना कर दिया। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि जाकिर आयरन स्टोर के गोदाम में तरावीह हो रही थी।
लाजपत नगर के मकान में नई धार्मिक परंपरा स्थापित करने के लिए सामूहिक रूप से तरावीह की नमाज पढ़ रहे थे। यह सब लाजपत नगर में हिंदू समाज को भयभीत कर पलायन करने के लिए विवश करने काे किया जा रहा है जो कि पूर्णतया गलत है। राजीव गुंबर, एडवोकेट, पूर्व पार्षद, लाजपत नगर
जाकिर आयरन स्टोर के मालिक नई परंपरा डाल रहे थे। सूचना मिलने पर हम मौके पर पहुंचे। नई परंपरा डालने वालों के खिलाफ कार्रवाई हो। - रोहन सक्सेना, प्रदेश अध्यक्ष, राष्ट्रीय बजरंग दल