Rakshabandhan 2022 पर पिज्जा सेंटर आईं युवतियों का युवक बना रहे थे वीडियो, भाइयों ने पकड़कर धुना
Crime in Moradabad on Rakshabandhan 2022 रक्षाबंधन के दिन गुरुवार को मुरादाबाद के ताड़ीखाना चौराहे स्थित पिज्जा की दुकान पर लड़कियों की वीडियो बनाने को लेकर मारपीट हो गई। इसे लेकर हंगामा खड़ा हो गया। भीड़ ने एक युवक को पकड़कर धुना और पुलिस को सौंप दिया।
जागरण संवाददाता, मुरादाबाद। Crime in Moradabad on Rakshabandhan 2022 : रक्षाबंधन के दिन गुरुवार को मुरादाबाद के ताड़ीखाना चौराहे स्थित पिज्जा की दुकान पर लड़कियों की वीडियो बनाने को लेकर मारपीट हो गई। इसे लेकर हंगामा खड़ा हो गया। भीड़ ने एक युवक को पकड़कर बुरी तरह से धुना और पुलिस को सौंप दिया। पुलिस घटना की जानकारी होने से इनकार कर रही है।
घटना रात करीब साढ़े नौ बजे की है। दो लड़कियां कार से अपने भाइयों के साथ पिज्जा खाने के लिए ताड़ीखाना आई थीं। उनके पीछे से तीन युवक बाइक पर सवार होकर आ गए। कार से साइड देने को लेकर बाइक सवार युवकों का विवाद हो गया। लेकिन, उस समय वह चुप रहे। बाद में तीन बाइक सवार युवक पिज्जा सेंटर में घुसकर लड़कियों की वीडियो बनाने लगे। भाईयों ने लड़कियों का वीडियो बनाने का विरोध किया तो कहासुनी होने लगी।
आरोप है कि दोनों पक्ष के लोग बाहर निकल आए। लड़कियों के साथ युवकों ने मारपीट शुरू कर दी। बताते हैं कि एक लड़की शादीशुदा और तीन महीने की गर्भवती थी। आरोपितों ने उसके पेट में लात मार दी। शोर शराबा होने पर आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गयी। भीड़ को देखकर दो युवक मौके से फरार हो गये।
एक युवक को भीड़ ने पकड़कर बुरी तरह पीट दिया। पुलिस ने आकर उसे बचाया और कोतवाली ले आई। उसकी बाइक भी पुलिस के पास है। सीओ कोतवाली महेश सिंह गौतम का कहना है कि इस तरह की घटना की जानकारी नहीं है। पुलिस को भेजकर दिखवा रहा हूं। घटना की जानकारी मिली तो मामले की जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई होगी।
आरोपित को पुलिस ने भेजा जेल
मुरादाबाद के थाना सिविल लाइंस पुलिस ने दहेज हत्या के आरोपित अजय दिवाकर को गिरफ्तार कर लिया। मुगलपुरा थाना क्षेत्र के गोकुलदास मोहल्ला निवासी 22 वर्षीय सना उर्फ सोनम (22) ने धर्म परिवर्तन कर 18 मई 2022 को हाथी वाला मंदिर निवासी अजय दिवाकर से प्रेम विवाह किया था। अजय और सना उर्फ सोनम हिमगिरी कालोनी में अपनी बुआ के घर रह रहे थे। मंगलवार रात सना का शव दुपट्टे के सहारे पंखे से लटका हुआ मिला।
बुधवार शाम आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट से पता चला कि सना की मौत फंदे पर लटकने से हुई थी। सना की मां ने दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए अजय दिवाकर उसके पिता ओमप्रकाश और भाई विक्की के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। सीओ सिविल लाइंस आशुतोष तिवारी ने बताया कि बृहस्पतिवार दोपहर बाद आरोपी अजय को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।