मुरादाबाद में भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत, कहा- प्रशासन ने परेशान किया तो रिलायंस के पंपों पर बैठेंगे किसान
राकेश टिकैत ने कहा कि टोलप्लाजा पर धरना दे रहे भाकियू नेताओं को गिरफ्तारी का खौफ दिखाकर डराया जा रहा है। किसानों को प्रशासन ने परेशान करना शुरू किया तो रिलायंस के पंपों पर धरना शुरू हो जाएगा।
मुरादाबाद, जेएनएन। कृषि सुधार कानून की वापसी की मांग को मूंढापांडे टोल प्लाजा पर धरना-प्रदर्शन जारी रहा। इस दौरान रामपुर से लौटते समय भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत धरना स्थल पर रुके। वह कई घंटे तक किसानों के बीच रहे।
मीडिया के बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि टोल प्लाजा पर धरना दे रहे भाकियू नेताओं को गिरफ्तारी का खौफ दिखाकर डराया जा रहा है। किसानों को प्रशासन ने परेशान करना शुरू किया तो रिलायंस के पंपों पर धरना शुरू हो जाएगा। उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन टोल से अलग चल रहे बेमियादी धरने को हटवाने पर उतारू है, यह सब सरकार के इशारे पर हो रहा है, अब यह उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं होगा। कहा कि प्रशासन नहीं माना तो हर टोल पर भी धरना देने से पीछे नहीं हटेंगे। राकेश टिकैत ने कहा कि किसान सुधार कृषि कानून को वापस लिए जाने की मांग को लेकर छह महीने से दिल्ली में आंदोलन चल रहा है। भाकियू के बेमियादी धरनों से सरकार बेचैन हो गईं हैं। सरकार अब इसी के चलते हर टोल पर धरना दे रहे लोगों को गिरफ्तारी की धमकी देकर धरना खत्म कराने का प्रयास कर रही है। इसको भाकियू अब बर्दाश्त नहीं करने वाला है। खामोशी को कमजोरी न समझा जाए। उन्होंने कहा कि अभी तो यह शुरुआत है, टोल के बाद अब पेट्रोल पंपों पर धरना देने की तैयारी है। अपनी बात को रखने की छूट हर किसी को है। लोगों को डराना धमकाना गलत है। प्रशासन व पुलिस ने मनमानी बंद नहीं की तो टोल लेन पर लगातार धरना शुरू हो जाएगा। प्रशासन ने किसानों को धमकाना बंद नहीं किया तो आंदोलन और तेज कर दिया जाएगा।
डेढ़ घंटे टोल फ्री कर दिया
मूंढापांडे क्षेत्र के गांव दलपतपुर टोल प्लाजा पर चल रहा धरना-प्रदर्शन जारी रहा। राकेश टिकैत टोल प्लाजा पर आ गए। इसके बाद डेढ़ घंटे तक टोल फ्री कर दिया गया। किसानों ने बताया पुलिस ने किसानों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दिया। इससे गुस्सा होकर किसानों के साथ राकेश टिकैत ने दो लेन में धरना-प्रदर्शन शुरू करा दिया। किसानों से कह दिया है जब तक टिकैत का आदेश नहीं आये जब तक किसान टोल टैक्स की दोनों लाइन पर बैठ रहे।