लखीमपुर जा रहे राकेश टिकैत अमरोहा में सरकार पर बरसे, बोले- सरकारें तानाशाही पर हो गईं है उतारू
BKU Leader Rakesh Tikait भारतीय किसान यूनियन अराजनैतिक टिकैत गुट के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत बुधवार को लखीमपुर खीरी जाते समय कुछ देर के लिए अमरोहा के डिडौली में रुके। कहा कि सरकार गलत पॉलिसी का विरोध किया जाएगा।
जागरण संवाददाता, अमरोहा। BKU Leader Rakesh Tikait : भारतीय किसान यूनियन अराजनैतिक टिकैत गुट के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत बुधवार को लखीमपुर खीरी जाते समय कुछ देर के लिए अमरोहा के डिडौली में रुके। यहां मीडिया से वार्ता में उन्होंने कहा कि अगर कोई गलत काम हो रहा है या सरकार गलत पॉलिसी लेकर आ रही है तो उसका विरोध किया जाएगा। इसके लिए देश में बड़े आंदोलन की जरूरत पड़ेगी। जिसके लिए जनता तैयार रहे।
लखीमपुर जनपद मुख्यालय पर 18 अगस्त से शुरू होने वाले तीन दिवसीय कार्यक्रम में शिरकत करने के लिए राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत जा रहे थे। रास्ते में कुछ देर के लिए डिडौली गांव में हाईवे किनारे स्थित पेट्रोल पंप पर ठहरे। बुधवार की दोपहर करीब दो बजे डिडौली गांव में पत्रकारों ने उनसे संगठन के कई हिस्सों में बंटने का कारण पूछा।
जिसके जवाब में उन्होंने कहा कि सरकारें तानाशाही की तरफ जा रही हैं। जो संगठन आवाज उठाता है, उसको तोड़ने का काम कर रही हैं। आवाज को दबाने के लिए हर हथकंडा अपना रही हैं। ऐसी सरकारों को सबक सिखाना बेहद जरूरी है। जितने संगठन खड़े होंगे, उतनी आवाज तेज होगी।
उन्होंने कहा कि यह सरकार बड़े व्यापारियाें का एक गठजोड़ है। जिसने पूरे देश पर कब्जा कर लिया है। जिस तरह देश को आजाद कराने के लिए हमारे बुजुर्गों ने लड़ाई लड़ी ठीक उसी तरह, अब हमको देश बचाने की लड़ाई लड़नी पड़ेगी। बिहार का किसान बाहर जाकर मजदूर बन जाता है। यही हालात देश में सभी जगह बन रहे हैं।
सरकारें किसानों को मजदूर बना रही हैं। जिसे अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। लखीमपुर कांड पर उन्होंने कहा कि अजय मिश्र टैनी को पुलिस ने 120 बी का मुल्जिम नहीं बनाया है। इसलिए लखीमपुर में सरकार के खिलाफ आज यानि गुरुवार से तीन दिवसीय आंदोलन शुरू होगा। जरूरत पड़ी तो उसको बड़ा रूप भी दिया जाएगा।