मुरादाबाद में बारिश ने बढ़ाई ठंड, कल भी हो सकती है बूंदाबांदी, 10 जनवरी तक खराब रहेगा मौसम
विशेषज्ञों के अनुसार 10 जनवरी तक बारिश होने के पूरे आसार हैं। अभी फिलहाल ठंड से कोई राहत नहीं मिलने वाली है। मकर संक्रांति तक ठंड बढ़ेगी। इसके बाद भी ठंड रहेगी। लेकिन 15 जनवरी के बाद सर्दी के मौसम में बदलाव आने लगता है।
मुरादाबाद, जागरण संवाददाता। बुधवार को मौसम ने करवट बदली। बूंदाबांदी के साथ ठंड बढ़ गई है। बूंदाबांदी से सड़कों पर भी वाहनों की संख्या भी कम रही। तापमान भी अधिकतम 19 डिग्री और न्यूनतम सात डिग्री पर है। पांच मिलीमीटर बारिश होने का अनुमान मौसम विशेषज्ञ लगा रहे हैं। बारिश से ठंड बढ़ी तो लोगों ने भी घरों में अलाव जलाकर ठंड को दूर करने का प्रयास किया। सुबह सूरज नहीं निकलने से मौसम ठंडा था। कोहरा भी छाया रहा। दोपहर 12 बजे से बूंदाबांदी हो रही है।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार आगामी दिनों में भी बूंदाबांदी हो सकती है। बूंदाबांदी से लोगों के कपड़े तरबतर हो गए। बूंदाबांदी के कारण बाजार में ग्राहकों की संख्या भी कम रही। बूंदाबांदी के साथ कोहरा भी छाया रहा जिससे लोगों का जनजीवन प्रभावित हुआ। शिक्षण संस्थाएं बंद होने से इस बूंदाबांदी में बच्चों को राहत मिली। कामकाजी लोग ही घरों से बाहर निकले। वहीं दूसरी ओर कल भी बारिश होने की पूरी संभावना है। इससे ठंड में और बढ़ोतरी हो जाएगी। विशेषज्ञों के अनुसार 10 जनवरी तक बारिश होने के पूरे आसार हैं। अभी फिलहाल ठंड से कोई राहत नहीं मिलने वाली है। मकर संक्रांति तक ठंड बढ़ेगी। इसके बाद भी ठंड रहेगी। लेकिन, 15 जनवरी के बाद सर्दी के मौसम में बदलाव आने लगता है। पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी होने के आसार हैं। जिससे मैदानी इलाकों में ठंड बढ़ेगी। बाजार में गजक, रेबड़ी, मेवा के अलावा, अंडे की बिक्री बढ़ गई। लोग गर्म कपड़ों की खरीदारी भी खूब कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें :-
आज से छह दिनों तक खराब रह सकता है मौसम, मुरादाबाद में बारिश से ठंड में होगी बढ़ोतरी