Indian Railway : रेलवे आठ घंटे में बनाएगा दो अंडरपास और दो पुल, बंद रहेगा देहरादून रेल मार्ग
Railway underpass construction रेलवे की इंजीनियरिंग टीम पहले भी कम समय में अंडरपास का निर्माण कर चुकी है। टीम आठ घंटे में अंडरपास का निर्माण कर रेल संचालन शुरू कर देगी। इसी दौरान दूसरी टीम पुल का निर्माण करेगी।
मुरादाबाद, जेएनएन। Railway underpass construction। रेलवे के इंजीनियर अपने हुनर का कमाल लगातार दिखाते रहते हैं। सोमवार को आठ घंटे में दो अंडरपास का निर्माण करने के साथ ही दो पुल के लिए ढांचे भी रखे जाएंगे। आठ घंटे बाद नए अंडरपास से ट्रेन संचालन भी शुरू कर दिया जाएगा।
तीर्थनगरी हरिद्वार में यात्रियों की भीड़ होती है। शहर के अंदर से देहरादून रेल मार्ग गुजरता है। कई स्थानों पर रेल फाटक बना हुआ है। ट्रेन आने के दौरान फाटक बंद होने पर जाम लग जाता है। 14 जनवरी से महाकुंभ मेला भी शुरू होने जा रहा है। रेल प्रशासन इसके पहले रेल फाटक के ऊपर पुल और अंडरपास का निर्माण करने जा रहा है। निर्माण के लिए सोमवार (23 नवंबर) को सुबह 6:45 बजे से दोपहर 2:45 बजे देहरादून रेल मार्ग बंद रखा जाएगा।
हरिद्वार के ज्वालापुर यार्ड में और मोतीचूर स्टेशन के पास रेल फाटक हैंं। दोनों रेल फाटक और रेलवे लाइन हटाकर खोदाई की जाएगी। इसके बाद वहां अंडरपास तैयार किया जाएगा। अंडरपास के ऊपर ट्रेन गुजरेगी और नीचे से वाहन गुजरेंगे। इंजीनियरिंग विभाग की दो टीम आठ घंटे में अंडरपास का निर्माण कर रेल संचालन शुरू कर देगी। इसी दौरान दूसरी टीम एथल स्टेशन और हरिद्वार रेलवे स्टेशन के पास रेल फाटक पर पुल का निर्माण करेगी। दोनों के ऊपर ढांचा रखा जाना है।
प्रवर मंडल वाणिज्य प्रबंधक रेखा शर्मा ने बताया कि रेल प्रशासन की ओर से दो अंडरपास बनाने के साथ दो पुल के ऊपर ढांचा रखा जाएगा। इसके लिए सोमवार को आठ घंटे तक देहरादून रेल मार्ग पर ट्रेन संचालन बंद रखा जाएगा। इसके कारण नई दिल्ली देहरादून एक्सप्रेस को निरस्त रखा जाएगा।