Indian Railway : रेलवे कर्मियों को मिलेगा बोनस, आदेश फर्जी मिलते ही दूर हो गई कर्मचारियों की खुशफहमी
Bonus to Railway employees रेलवे का एक फर्जी आदेश सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। पहले तो कर्मचारियों खुशी की लहर दौड़ गई लेकिन जैसे ही सच्चाई सामने आई वे भी हैरान रह गए।
मुरादाबाद, जेएनएन।Bonus to Railway employees। इन दिनों सोशल मीडिया पर रेलकर्मियों को 78 दिन का बोनस देने आदेश खूब वायरल हो रहा है। रेल प्रशासन व ट्रेड यूनियन ने इस आदेश को फर्जी बताया है। कोरोना के कारण इस साल बोनस देने का आदेश जारी ही नहीं किया गया है। सोशल मीडिया पर रेलवे बोर्ड के फर्जी पत्र भी लगाया है। जिसमें कहा है कि दशहरा से पहले रेल कर्मियों को 78 दिन का बोनस उत्पादन के आधार पर दिया जाएगा। इस बार भी प्रत्येक रेल कर्मियों को 17,951 रुपये बैंक के खाते में आ जाएगा।
कोरोना संक्रमण काल में रेलवे की आर्थिक स्थिति खराब होने के बाद भी बोनस देने की जानकारी मिलते ही कर्मियों में खुशी लहर दौड़ पड़ी। इसके बाद रेल कर्मचारी कब तक बोनस मिलेगा, इसकी जानकारी करने के लिए आफिस का चक्कर लगना शुरू कर दिया है। रेल प्रशासन को सूचना मिलने पर रेलवे बोर्ड से जानकारी किया तो पता चला कि रेलवे बोर्ड ने अभी तक कर्मियों को बोनस देने का आदेश जारी नहीं किया है। आल इंडिया रेलवे मेंस फेडरेशन के महामंत्री शिव गोपाल मिश्रा ने भी ट्वीट कर बोनस वाला पत्र को फर्जी बताया है और कहा है कि जैसे ही बोनस को लेकर फैसला होगा, वैसे ही कर्मियों को जानकारी दी जाएगी। सोशल मीडिया पर जारी आदेश फर्जी है। रेलवे बोर्ड ने सभी रेल मंडल रेल प्रबंधक को भी इसकी जानकारी भेजी है। प्रवर मंडल कार्मिक अधिकारी विपुल गोयल ने बताया कि रेलवे बोर्ड ने अभी तक बोनस देने को लेकर आदेश जारी नहीं किया है। सोशल मीडिया पर गलत सूचना दी जा रही है। इसके बारे में रेल कर्मियों को जानकारी दी जा रही हैै।