रेल अधिकारियों व कर्मचारियों ने ली शपथ
जागरण संवाददाता मुरादाबाद रेल मंडल के अधिकारियों व कर्मचारियों ने सतर्कता जागरूकता सप्ता
जागरण संवाददाता, मुरादाबाद : रेल मंडल के अधिकारियों व कर्मचारियों ने सतर्कता जागरूकता सप्ताह के पहले दिन रिश्वत न देने की शपथ ली। मुरादाबाद मंडल के सभी प्रमुख स्टेशनों पर कर्मचारियों को शपथ दिलाई गई।
मंगलवार सुबह मंडल रेल प्रबंधक अजय नंदन ने कार्यालय परिसर में अधिकारियों व कर्मचारियों को शपथ दिलाई, जिसमें कहा गया कि भ्रष्टाचार को रोकने के लिए कोई कार्य करने के बदले में किसी से कुछ न लें। किसी से काम कराने के लिए किसी को कुछ न दें। जीवन के सभी क्षेत्रों में ईमानदारी तथा नियम का पालन करने, सभी कार्य पारदर्शी करने, निजी आचरण में ईमानदारी दिखाने और भ्रष्टाचार की सूचना अधिकारियों को देने की शपथ दिलायी गई।
डीआरएम ने कहा कि भ्रष्टाचार कई स्तर से हो सकता है। अगर कोई कर्मचारी या अधिकारी समय पर काम नहीं करता है तो यह भी भ्रष्टाचार के श्रेणी में आता है। सतर्कता जागरूकता सप्ताह के तहत जगह-जगह नुक्कड़ नाटक, प्रतियोगिताएं हुई। साथ ही अधिकारी सभी कर्मचारियों के कार्य की समीक्षा भी करेंगे। यह सप्ताह एक नवंबर तक चलेगा। प्रवर मंडल वाणिज्य प्रबंधक सुधीर सिंह ने बताया कि मंडल के सभी प्रमुख स्टेशनों पर कर्मचारियों ने भ्रष्टाचार रोकने की शपथ ली। डीआरएम आफिस में आयोजित समारोह में अपर मंडल रेल प्रबंधक एमएस मीना, एडीआरएम एनएन सिंह समेत सभी शाखा अधिकारी उपस्थित रहे।