प्रियंका ने यूपी में पार्टी को मजबूत करने की बनाई रणनीति, मुरादाबाद मंडल के चार कांग्रेस नेताओं को मिली जिम्मेदारी
प्रदेश कांग्रेस कमेटी समेत 75 पुराने नेताओं को जिलों में संगठन मजबूत करने की जिम्मेदारी सौंपी गई। मंडल के कांग्रेस नेता असलम खुर्शीद सुखवीर सिंह चौधरी शमीम अहमद भी जिला प्रभारी बनाए गए। जो काम नहीं करेगा उसे पार्टी में कोई जिम्मेदारी नहीं मिलेगी।
मुरादाबाद, जेएनएन। Strategy of Congress General Secretary Priyanka Vadra। कांग्रेस महासचिव प्रियंका वाड्रा ने पार्टी के संगठन को नई धार देने के लिए कवायद करनी शुरू कर दी है। उन्होंने प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों समेत 75 पुराने कांग्रेसियों को जिलों में रहकर संगठन को मजबूत करने की जिम्मेदारी सौंपी है।
मुरादाबाद मंडल के चार पुराने कांग्रेसियों को भी अलग-अलग जिलों का प्रभारी बनाया गया है। मुरादाबाद निवासी कांग्रेस के पूर्व महानगर अध्यक्ष असलम खुर्शीद को बुलंदशहर जिले का प्रभारी बनाया गया है। अमरोहा के कांग्रेस नेता सुखराज सिंह को नोएडा की जिम्मेदारी मिली है। उझारी कस्बे के रहने वाले चौधरी शमीम अहमद को रामपुर जिले का प्रभार मिला है। रामपुर के चमरौआ विधानसभा के पूर्व विधायक यूसुफ अली को मुरादाबाद जिले का प्रभारी बनाया है। कांग्रेस में इससे पहले पदाधिकारियों को तीन-चार जिलों का प्रभारी बनाकर संगठन को मजबूत करने की जिम्मेदारी सौंप दी जाती थी। इस बार कांग्रेस महासचिव प्रियंका वाड्रा ने नया फार्मूला अपनाया है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के 54 पदाधिकारियों के अलावा 14 पुराने कांग्रेसियों को जिलों का प्रभार दिया गया है। इन पदाधिकारियों का कार्यकाल तीन जनवरी से शुरू होगा। जिला प्रभारी अपने-अपने जिले में जाकर संगठन की समीक्षा करेंगे। उन्हें यह देखना है कि जिलाध्यक्षों ने बूथ, न्यायपंचायत, ब्लॉक कमेटियों का गठन अभी तक किया है या नहीं। जिन जिलाध्यक्षों ने यह काम पूरा नहीं किया है। उनका काम जिला प्रभारियों को पूरा कराकर 20 जनवरी को हाईकमान को रिपोर्ट करनी है। इस अभियान के दौरान जो जिलाध्यक्ष हाईकमान के मानक पर खरे नहीं उतरेंगे, उनकी कुर्सी जानी तय मानी जा रही है। कांग्रेस नेता असलम खुर्शीद ने बताया कि संगठन को मजबूत करने के लिए प्रियंका वाड्रा लगी हुई हैं। उन्होंने वेबिनार के माध्यम से सभी जिला प्रभारियों से सीधी बात करके अपनी मंशा बता दी है। उनका साफ कहना है कि जो काम नहीं करेगा, उसे पार्टी में कोई जिम्मेदारी नहीं मिलेगी।