उत्तराखंड की सीमा तक चलीं प्राइवेट बसें
75 दिन के बाद सोमवार से प्राइवेट बसों का संचालन शुरू हो गया है।
मुरादाबाद, जेएनएन : 75 दिन के बाद सोमवार से प्राइवेट बसों का संचालन शुरू हो गया है। यात्रियों की संख्या कम होने से बसें भी कम चलीं। बसें अभी उत्तराखंड की सीमा तक ही चल रही हैं।
लॉकडाउन के कारण से 23 मार्च से बसें बंद कर दी गईं थीं। एक जून से बसों को चलाने की अनुमति दे दी गई। रोडवेज की बसें तो चलना शुरू हो गई लेकिन, उत्तराखंड व दिल्ली की सीमा बंद होने से प्राइवेट बसों का संचालन शुरू नहीं हो पाया था। सोमवार को प्राइवेट बस अड्डे से उत्तराखंड की सीमा तक बसें चलना शुरू कर दिया है। उधर, प्राइवेट बस अड्डे से बसें ठाकुरद्वारा, डिलारी, आदि स्थानों के लिए चलाई गई।
बता दें कि मुरादाबाद में दो प्राइवेट अड्डे हैं। दोनों से 104 बसें चलती हैं। दोनों बस अड्डे से अधिकाश बसें उत्तराखंड के लिए जाती है। सोमवार को प्राइवेट बस अड्डे पर यात्रियों की संख्या कम होने से छह बसें ही चल पायीं।
मुरादाबाद काशीपुर रामनगर बस एसोसिएशन के अध्यक्ष शकील चौधरी ने बताया कि सोमवार से उत्तराखंड की सीमा तक चलना शुरू हो गया है। यात्रियों की संख्या बढ़ने पर बसों की संख्या बढ़ाई जाएगी। कोविड गाइड लाइन के अनुसार मास्क पहने यात्रियों को सैनिटाइज किया जाता है, उसके बाद बसों में सवार होने दिया जाता है। चालक व परिचालक को भी विशेष हिदायत दी गई है।