नगर निगम में 35 करोड़ के काम शुरू करने की तैयारी
नगर निगम में 35 करोड़ के काम शुरू करने की तैयारी।
मुरादाबाद, जेएनएन। अनलाक-1 शुरू होते ही नगर निगम ने रुके हुए विकास कार्यों को गति देने को गाइडलाइन जारी कर दी है। 35 करोड़ रुपये के काम सप्ताह भर में शुरू हो जाएंगे लेकिन, काम शुरू करने से पहले ठेकेदारों को श्रमिकों को ठहराने का इंतजाम करना होगा। जो ठेकेदार ऐसा नहीं करेंगे उनको वर्क आर्डर नहीं जारी होंगे। सैनिटाइजर, मास्क व दो गज की दूरी अनिवार्य होगी। पहले नगर निगम के रुके हुए काम शुरू होंगे। साथ ही स्मार्ट सिटी की अगली डीपीआर को भी फाइनल करने के बाद मंडलायुक्त के सामने मंजूरी के लिए रखा जाएगा। गड्ढों में तब्दील सड़कों को भी बनाने की तैयारी है। रामगंगा बिहार में अधूरा पड़ा नाला भी शुरू होगा। इसके अलावा नगर निगम सड़क व नाले नालियों के 246 टेंडर ओपन करने जा रहा है। नगर निगम में जलकल, निर्माण व स्वास्थ्य विभाग के कार्य शुरू करने के निर्देश नगर आयुक्त संजय चौहान ने जारी कर दिए हैं। वर्जन
नगर निगम में विकास कार्य शुरू होने के साथ श्रमिकों को ठहरने की व्यवस्था ठेकेदारों को करनी होगी। कोविड-19 की गाइडलाइन का पालन करने का शपथ-पत्र भी देना होगा। 33 करोड़ के विकास कार्यों में सबसे पहले रुके हुए काम शुरू कराए जाएंगे। --संजय चौहान, नगर आयुक्त