बाजार जाएं तो साथ में रखें कपड़े का थैला, पहली जुलाई से नहीं मिलेगा पॉलीथिन बैग
Moradabad News पालीथिन पर प्रतिबंध की प्रक्रिया को सख्ती से लागू कराने के लिए जिला प्रशासन नगर निगम और स्थानीय निकाय तैयारी में जुट गए हैं। इस अभियान को दो स्तर पर संचालित किया जाएगा। संबंधित विभाग की ओर से छापामार कार्रवाई होगी।
जागरण संवाददाता, मुरादाबाद। Moradabad News : पालीथिन पर प्रतिबंध की प्रक्रिया को सख्ती से लागू कराने के लिए जिला प्रशासन, नगर निगम और स्थानीय निकाय तैयारी में जुट गए हैं। इस अभियान को दो स्तर पर संचालित किया जाएगा। संबंधित विभाग की ओर से छापामार कार्रवाई होगी और पालीथिन मिलने पर उसे जब्त कर विक्रेता, निर्माता पर जुर्माना लगाया जाएगा। दूसरा स्तर जागरूकता का रहेगा।
इसके लिए विद्यालयों में जागरूकता गोष्ठी के साथ सामाजिक संस्थाओं के सहयोग से सेमिनार, नुक्कड़ नाटक आदि के माध्यम से पालीथिन के दुष्प्रभाव बताए जाएंगे। जिलाधिकारी शैलेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि प्रतिबंधित पालीथिन का प्रयोग रोकने को लेकर सभी स्थानीय निकाय और नगर निगम के अधिकारियों के साथ बैठक हो चुकी है। इसके लिए तैयार की गई कार्य योजना के बारे में जानकारी दे दी गई है और अभियान भी शुरू हो गए हैं।
दूसरे स्तर पर जागरूकता के लिए अभियान चलाया जाएगा। लोगों से अपील है कि वह पर्यावरण का बचाने में अपने हिस्से की जिम्मेदारी निभाएं। बाजार जाते समय कपड़े के थैले का उपयोग करें। लोग गर्म पदार्थ और सामान भी पालीथिन में लेकर आते हैं, इससे खाना जहर बन जाता है। जब लोग अपना थैला लेकर जाएंगे तो दुकानदार भी पालीथिन नहीं रखेगा। बाकी आवश्यक कार्रवाई की जाएगी, जिससे मुरादाबाद पूरी तरह से पालीथिन मुक्त बने। इसके फायदे भी दिखाई देने लगेंगे।
राष्ट्रीय महासचिव का मनाया जन्मदिन : बुधवार को समाजवादी पार्टी जिला कार्यालय पर प्रमुख राष्ट्रीय महासचिव एवं राज्यसभा सदस्य प्रोफेसर रामगोपाल यादव का 76 वां जन्मदिन मनाया गया। इस अवसर पर केक काटा गया। साथ ही प्रभु से उनकी लंबी उम्र की कामना की गई। जिलाध्यक्ष डीपी यादव ने बताया कि वह पार्टी का मजबूत पिलर हैं। कार्यकर्ताओं का मान-सम्मान करते हैं। इसमें देहात विधायक हाजी नासिर कुरैशी, पूर्व जिलाध्यक्ष अतहर हुसैन, मुदस्सिर खान, गुलजार अहमद, प्रेम बाबू वाल्मीकि, हसनैन अख्तर, मोहसिन खान, असलम पंचायत समेत अन्य कार्यकर्ता रहे।