मुरादाबाद में लूट कर भाग रहे बदमाश पर पुलिस ने बरसाईं गोलियां, गंभीर
महिला से पच्चीस हजार की नकदी लूट कर भाग रहे बदमाश को ऑन द स्पॉट पर पुलिस की गोली लग गई। पैर में गोली लगने से बदमाश घायल हो गया है।
मुरादाबाद (जेएनएन) : महिला से पच्चीस हजार की नकदी लूट कर भाग रहे बदमाश को ऑन द स्पॉट पर पुलिस की गोली लग गई। पैर में गोली लगने से बदमाश घायल हो गया है, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। बदमाश के कब्जे से महिला से लूट गई रकम बरामद कर ली है। बदमाश अमरोहा के डिडौली का रहने वाला जावेद है, जिस पर दो दर्जन से ज्यादा मुकदमे दर्ज है। उसका दूसरा साथी बिलाल भागने में कामयाब हो गया।
महिला से लूटी नकदी
सीओ सिविल लाइन राजेश कुमार के मुताबिक, गजरौला निवासी ऋषिपाल के परिवार का सदस्य साईं अस्पताल में भर्ती है। गुरूवार को ऋषिपाल की पत्नी ई-रिक्शे में सवार होकर मरीज के पास साईं अस्पताल जा रही थी। महिला के पास 25 हजार की नकदी थी। दिल्ली रोड पर बाइक सवार बदमाशों ने महिला का ई-रिक्शा रोक कर 25 हजार की नकदी लूट ली। महिला के शोर मचाने पर पुलिस ने बदमाशों की घेराबंदी की।
पुलिस की घेराबंदी में घिरा बदमाश
एसएसपी ने लूट के बाद चेकिंग के आदेश दिए, जिस पर सीओ और एसपी सिटी तक मौके की ओर दौड़े। घटना शाम सात बजे की है। चेकिंग के दौरान रात करीब दस बजे पुलिस को बदमाश बाइक पर घूमते हुए नजर आए। मझोला पुलिस ने बदमाशों की घेराबंदी की। नया मुरादाबाद के सेक्टर 15 में पाकबड़ा और मझोला पुलिस ने बदमाशों को घेर लिया। बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग की। जवाब में पुलिस ने बदमाशों पर फायङ्क्षरग की, जिस पर एक बदमाश को गोली लग गई, जबकि उसका दूसरा साथी अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में कामयाब हो गया। घायल बदमाश को अस्पताल में भर्ती कराया। सीओ ने बताया कि बदमाश की पहचान अमरोहा के डिडौली निवासी जावेद के रूप में हुई है। जावेद ने बताया कि उसका दूसरा साथी बिलाल है, जिसकी धरपकड़ को कांबिंग की जा रही है। जावेद के कब्जे से पुलिस ने तमंचा और एक बाइक बरामद की है। पुलिस बाइक की पड़ताल कर रही है। एसपी सिटी अंकित मित्तल ने बताया कि जावेद बड़ा ही खूंखार बदमाश है, जिस पर मंडल के कई थानों में दो दर्जन से ज्यादा मुकदमे दर्ज है।