पूर्व विधायक को हीरो नहीं बनने देना चाहती पुलिस, जानिए क्या है मामला
पूर्व विधायक विजय यादव के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के बाद पुलिस समझदारी से काम ले रही है।
मुरादाबाद । बसपा के पूर्व विधायक विजय यादव के खिलाफ संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज करने के बाद फिलहाल गिरफ्तारी नहीं होगी। पुलिस भी ऐसा कोई मौका नहीं देना चाह रही है, जिससे पूर्व विधायक हीरो बन जाएं। इसलिए मामले की जांच के बाद ही गिरफ्तारी की जाएगी। ये है पूरा मामला भाजपा महिला विधायक साधना सिंह की बसपा सुप्रीमो मायावती पर की गई टिप्पणी के बाद पूर्व विधायक विजय यादव ने ठाकुरद्वारा में खुले मंच से साधना सिंह का सिर कलम करने वाले को 50 लाख रुपये का इनाम देने का एलान किया था। बुधवार को भाजयुमो के क्षेत्रीय अध्यक्ष राजू कालरा की शिकायत पर सिविल लाइन थाने में विजय यादव के खिलाफ संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया। सीओ सिविल लाइन का कहना है कि मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। सवाल यह है कि संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज कर क्या पुलिस आम आदमी को आरोपित बनाकर जांच करती है। बल्कि तहरीर मिलते ही आरोपित को गिरफ्तार कर लिया जाता है। राजू कालरा का कहना है कि विजय यादव की गिरफ्तारी के लिए भी अफसरों से मिलकर बातचीत करेंगे। इसके पीछे पुलिस की मंशा दूसरी है। पुलिस मान रही है कि पूर्व विधायक की गिरफ्तारी के बाद सियायत तेज हो जाएगी, जिसका फायदा उन्हें मिलेगा। साक्ष्य जुटा रही है पुलिस मुकदमा दर्ज कर पुलिस सभी साक्ष्य जुटा रही है। पूर्व विधायक विजय यादव भी आम आदमी की तरह ही आरोपित हैं। पुलिस की टीम बनाकर विजय की गिरफ्तारी भी की जाएगी।
जे रविन्दर गौड, एसएसपी पहले भाजपा विधायक के खिलाफ मुकदमा दर्ज करना चाहिए था पुलिस को पहले भाजपा विधायक के खिलाफ मुकदमा दर्ज करना चाहिए था, जो उन्होंने बसपा सुप्रीमो पर टिप्पणी की है। हमारी ओर से बयान वापस ले लिया था, तब भी पुलिस ने संगीन धाराओं में मुकदमा किया है। पुलिस चाहे गिरफ्तार कर लें, हम तैयार हैं। कानून का पालन करने वाला हूं, पुलिस जहां बुलाए, वहीं आ जाऊंगा।
- विजय यादव, पूर्व विधायक