मुरादाबाद के स्टेडियम में जल्द लौट सकते हैं खिलाड़ी, राज्य सरकार की अनुमति का इंतजार
प्रतियोगिताओं व प्रशिक्षण के लिए राज्य स्तर पर ही निर्णय लिए जाएंगे। ऐसे में अब खिलाड़ियों को राज्य सरकार से मिलने वाली अनुमति का इंतजार है। सोनकपुर स्टेडियम में मार्च से लॉकडाउन लगने के बाद से खेल गतिविधियां बंद हैं।
मुरादाबाद, जेएनएन। करीब 10 महीने से ज्यादा वक्त गुजर चुका है और खेल स्टेडियम वीरान हैं। कुछ एक खिलाड़ी स्टेडियम आ भी रहे हैं तो वे बिना प्रशिक्षण ही लौट रहे हैं। ऐसे में केंद्र सरकार की ओर से जारी दिशा निर्देशों ने खिलाड़ियों की उम्मीदें बढ़ा दी हैं।
सरकार की ओर से जारी एडवाइजरी के तहत खेल प्रतियोगिताओं को शुरू कराने के लिए एसओपी जारी की गई है। हालांकि, प्रतियोगिताओं व प्रशिक्षण के लिए राज्य स्तर पर ही निर्णय लिए जाएंगे। ऐसे में अब खिलाड़ियों को राज्य सरकार से मिलने वाली अनुमति का इंतजार है। सोनकपुर स्टेडियम में मार्च से लॉकडाउन लगने के बाद से खेल गतिविधियां बंद हैं। अनलॉक होने के बाद कुछ शारीरिक दूरी वाले खेलों के प्रशिक्षण की अनुमति मिली थी। स्टेडियम में हॉकी और जूडो का ही कोच होने के कारण सिर्फ इन्हीं खिलाड़ियों को प्रशिक्षित किया जा सकता है। लेकिन, जूडो में शारीरिक दूरी के नियम का पालन न हो पाने से इसका प्रशिक्षण फिलहाल स्थगित है। ऐसे में अब केंद्र सरकार ने स्थानीय स्तर पर प्रतियोगिता शुरू करने के लिए दिशा निर्देश जारी किए हैं। क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी का कहना है कि कोच की कमी के कारण अभी सभी तरह के खेलों का प्रशिक्षण नहीं शुरू हो सकता है। हालांकि, प्रशिक्षण शुरू करने के लिए राज्य सरकार से अनुमति मिलनी जरूरी है। उन्हाेंने बताया कि जिस तरह के दिशा निर्देश राज्य सरकार द्वारा जारी किए जाएंगे, उसी हिसाब से प्रतियोगिताओं व अन्य गतिविधियों को संचालित किया जाएगा।