रामपुर के परंपरागत उत्पादों पर आया लोगों का दिल, दीपावली मेले में खरीदारी के लिए उमड़ रही भीड़
रामपुर में इस समय 10 दिवसीय दीपावली मेला लगा है। मेले में कई तरह के आयटम रखे गए हैं जो लोगों का ध्यान खींच रहे हैं। इनमें रामपुरी चाकू रामपुरी टोपी वायलिन जरी जरदौजी से सजाए गए कपड़े आदि शामिल हैं।
रामपुर, जेएनएन। रामपुर के परंपरागत उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए मेला लगा है। 10 दिन तक चलने वाले इस मेले में रामपुरी चाकू, रामपुरी टोपी, वायलिन, जरी जरदौजी से सजाए गए कपड़े, हाथ की बनी डलिया आदि की दुकानें लगी हैं। इस मेले में खूब भीड़ उमड़ रही है। डलिया बहुत ही खूबसूरत हैं, जिसे देखकर लोग आश्चर्यचिक रह जाते हैं। इनकी कीमत दो सौ से लेकर हजार रुपये तक है।
बापू मॉल में इस मेले का शुभांरभ बुधवार शाम ही हुआ। यह 10 दिन चलेगा। मुख्य विकास अधिकारी गजल भारद्वाज ने बताया कि इन स्थानीय उत्पादों की खरीद पर छूट भी दी जा रही है। वायलिन पर भी छूट है। मेले में शहर के अलावा ग्रामीण क्षेत्र के लोग भी आ रहे हैं। मेले में मिट्टी के दीये और बर्तन भी बिक रहे हैं। दीपावली मेले के बाद रामायण मेले लगाए जाएंगे, जो गांव और शहर दोनों में लगेंगे। इनमें भी रामपुरी उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए दुकानें लगाई जाएंगी।
पूरे देश में रामपुर के बने उत्पादों की पहचान
वैसे तो रामपुर देश के चाकू के लिए जाना जाता है। यहां के बने चाकू कई जगहों पर आर्डर पर भेजे जाते हैं। बॉलीवुड की कई फिल्मों में रामपुरी चाकू के नाम का इस्तेमाल किया गया है। वहीं यहां की टोपी की भी खासियत कुछ कम नहीं है। अलग तरह की होने की वजह से इनकी भी बिक्री खूब होती है। इस समय मेले में लोग इन्हें पसंद कर रहे हैं। काफी संख्या में लोग इनकी खरीदारी के लिए पहुंच रहे हैं।