विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

14 साल बाद बढ़ा पासपोर्ट का खर्च! अब जेब से ढीले करने होंगे इतने हजार रुपये, 1 जुलाई से लागू होंगी नई दरें

Published: Mon, 29 Jun 2026 02:57 PM (GMT+05:30)

केंद्र सरकार ने 14 साल बाद पासपोर्ट और संबंधित सेवाओं की फीस में बढ़ोतरी की है, जो 1 जुलाई से ...और पढ़ें

पासपोर्ट

पासपोर्ट

HighLights

  1. प्रधान डाकघर के पासपोर्ट सेवा केंद्र पर रोजाना 90 से 100 आवेदन

जागरण संवाददाता, मुरादाबाद। विदेश में नौकरी, पढ़ाई, कारोबार या पर्यटन के लिए पासपोर्ट बनवाने की तैयारी कर रहे जिले के लोगों को अब अधिक खर्च करना होगा। केंद्र सरकार ने 14 साल बाद पासपोर्ट और उससे जुड़ी सेवाओं की फीस में बढ़ोतरी कर दी है। नई शुल्क व्यवस्था एक जुलाई से लागू होगी। इसका सीधा असर मुरादाबाद जिले के हजारों लोगों पर पड़ेगा।

शहर के प्रधान डाकघर स्थित पासपोर्ट सेवा केंद्र पर प्रतिदिन औसतन 90 से 100 आवेदन स्वीकार किए जाते हैं। ऐसे में हर महीने करीब तीन हजार और सालभर में 30 हजार से अधिक आवेदकों को नई दरों के अनुसार शुल्क जमा करना होगा। जिले में बड़ी संख्या में युवा खाड़ी देशों, यूरोप और अन्य देशों में रोजगार के लिए जाते हैं।

पासपोर्ट की नई और पुरानी फीस की तुलना (एक नजर में)

सेवा (Passport Type & Service) पुरानी फीस (₹) नई फीस (₹) कुल बढ़ोतरी (₹)
36 पेज - सामान्य पासपोर्ट 1,500 2,500 + 1,000
36 पेज - तत्काल पासपोर्ट 3,500 5,000 + 1,500
60 पेज - सामान्य पासपोर्ट 2,000 3,500 + 1,500
60 पेज - तत्काल पासपोर्ट 4,000 6,000 + 2,000
36 पेज - खोया/क्षतिग्रस्त पासपोर्ट 1,500 5,000 + 3,500
60 पेज - खोया/क्षतिग्रस्त पासपोर्ट 2,000 6,000 + 4,000

इसके अलावा उच्च शिक्षा, पर्यटन और धार्मिक यात्राओं के लिए भी लगातार पासपोर्ट बनवाए जा रहे हैं। ऐसे में फीस बढ़ने से सबसे अधिक असर पहली बार पासपोर्ट बनवाने वालों और मध्यम वर्गीय परिवारों पर पड़ेगा।

अब 36 पेज के सामान्य पासपोर्ट की फीस 1,500 रुपये से बढ़ाकर 2,500 रुपये कर दी गई है। तत्काल सेवा के लिए अब 5,000 रुपये देने होंगे। इसी तरह 60 पेज के पासपोर्ट, खोए या क्षतिग्रस्त पासपोर्ट तथा नाबालिगों के पासपोर्ट की फीस में भी बढ़ोतरी की गई है। इससे पहले वर्ष 2012 में पासपोर्ट शुल्क में संशोधन किया गया था।

उच्च शिक्षा के लिए विदेश जाने की योजना है। पहले ही आवेदन और वीजा पर काफी खर्च होता है, अब पासपोर्ट शुल्क बढ़ने से बजट और बढ़ जाएगा। - सौरभ।

पूरे परिवार के पासपोर्ट बनवाने की योजना थी। चार सदस्यों का पासपोर्ट बनवाने में अब हजारों रुपये अतिरिक्त खर्च करने होंगे। - डाॅ. विवेक विश्नोई।

काम के सिलसिले में पासपोर्ट का नवीनीकरण कराना पड़ता है। फीस बढ़ने से कारोबारियों पर भी अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा। - आयुष आर्य।

यह भी पढ़ें- लखनऊ अग्निकांड के बाद मुरादाबाद में प्रशासन का एक्शन, दो कोचिंग सेंटर समेत 6 इमारतें सील