कागज न थाना, एक ट्वीट ने पकड़वाए 10 मनचले
जागरण संवाददाता, मुरादाबाद : हाईटेक हो रही पुलिस अब ट्वीटर पर कार्रवाई कर रही है। एक
जागरण संवाददाता, मुरादाबाद : हाईटेक हो रही पुलिस अब ट्वीटर पर कार्रवाई कर रही है। एक शिक्षिका ने ट्वीटर पर पुलिस कप्तान को मनचलों की शिकायत की तो पुलिस एक्शन में आई और अभियान चलाकर दस मनचलों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की यह पहल लखनऊ तक चर्चा का विषय बन गई। सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रही है।
इंपीरियल तिराहे पर होने वाली छेड़छाड़ की घटनाओं के खिलाफ शिक्षिका ने कप्तान के ट्वीट पर पोस्ट कर मदद की गुहार लगाई। एसएसपी डॉ. प्रीतिंदर सिंह ने एक्शन लेते हुए तत्काल कार्रवाई के आदेश दिये। पुलिस टीम बनाकर पहुंची और घेराबंदी करके दस मनचलों को पकड़ कर थाने ले आई। उनके खिलाफ लिखित में कोई शिकायत नहीं थी, इसलिए पुलिस ने उन्हें चेतावनी देकर मामूली धाराओं में कार्रवाई कर सबक सिखाया। दरअसल, महिलाओं पर फब्तियां कसने वाले सभी आरोपी ट्रैक्सी चालक थे। जो इंपीरियल तिराहे पर सुबह-शाम अक्सर ही महिलाओं पर गंदे कमेंट करते थे। यह वहां से गुजरने वाली महिलाओं के लिए परेशानी का सबब बनता था। सीओ कोतवाली पूनम मिश्रा एंटी रोमियो अभियान को लीड कर रही हैं। सीओ ने जब मोर्चा संभाला तो पुलिस टीमों ने घेराबंदी करके सभी मनचलों को पकड़ लिया। उन्होंने भविष्य में इस प्रकार महिलाओं पर कमेंट नहीं करने का भरोसा दिलाया। उसके बाद धारा 151 सीआरपीसी में कार्रवाई की गई। सीओ ने बताया कि सभी आरोपियों को सिटी मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया, जहां से मुचलका पाबंद करने के बाद छोड़ दिया गया।