एक महिला की दर्द भरी दास्तां: निकाह, तलाक, हलाला, फिर निकाह और अब तीन तलाक Rampur news
जब उसे यह पता चले कि वह हैवानों के बीच आ गई तो उस पर क्या बीतती होगी यह सोचकर ही रूह कांप जाती है। यह किसी कहानी की भूमिका नहीं बल्कि हकीकत है।
रामपुर। शादी की बाद दशकों की यादों को पीछे छोड़ लड़की इस उम्मीद में ससुराल आती है कि यह उसका नया घर है लेकिन, जब उसे यह पता चले कि वह हैवानों के बीच आ गई तो उस पर क्या बीतती होगी, यह सोचकर ही रूह कांप जाती है। यह किसी कहानी की भूमिका नहीं बल्कि हकीकत है। एक महिला साढ़े चार साल में निकाह, तीन तलाक, इद्दत, हलाला, इद्दत, फिर निकाह और एक बार फिर तीन तलाक का दर्द झेल चुकी है। कहानी सी प्रतीत हो रही यह सच्चाई है रामपुर जिले के अजीमनगर थाना क्षेत्र की। महिला की शिकायत पर पुलिस ने पति, जेठ और जेठानी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पति को गिरफ्तार भी कर लिया है।
अजीमनगर थाना क्षेत्र के एक गांव की महिला का निकाह साढ़े चार साल पहले हुआ था। निकाह के बाद पति उस पर शक करने लगा और उसके साथ मारपीट करने लगा। दो साल पहले पति ने उसे तीन तलाक देकर घर से निकाल दिया। वह मायके चली गई। बाद में पंचायत हुई और पति ने उसे दोबारा अपनाने की हामी भर दी। महिला को तीन माह 13 दिन की इद्दत करनी पड़ी। इसके बाद महिला का जेठ के साथ हलाला कराया गया। हलाला के बाद महिला को फिर इद्दत पर बैठना पड़ा। उसके बाद पति के साथ दोबारा निकाह हुआ। दोबारा निकाह के बाद भी महिला की जिंदगी में बदलाव न हुआ। पति की शक करने की आदत नहीं बदली और वह फिर उसके साथ मारपीट करने लगा। मंगलवार को पति ने उसे बेल्ट से पीटा। महिला ने पड़ोस के घर में छुपकर जान बचाई। मारपीट के बाद पति ने उसे फिर तीन तलाक दे दिया। महिला मायके चली गई और परिजनों को घटना की जानकारी दी। परिजन उसे लेकर अजीमनगर थाने पहुंचे और घटना की तहरीर दी।
अजीमनगर थाना प्रभारी अमरीश कुमार ने बताया कि महिला की शिकायत पर पति मुहम्मद फरमान, जेठ कारी शकील और जेठानी मुकीमा के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पति को गिरफ्तार कर कोर्ट के आदेश पर जेल भेज दिया गया।