विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'दूसरों की दरी बिछाने से कुछ नहीं होगा...': मुरादाबाद में ओवैसी की सपा-भाजपा को ललकार, अंधेरे में मंच से फूंका चुनावी बिगुल

Published: Sat, 25 Jul 2026 10:11 PM (IST)

ओवैसी ने मुरादाबाद में जनसभा कर विधानसभा चुनाव का बिगुल फूंका, मुस्लिम समाज को अपनी लीडरशिप तैयार करने और एकजुटता ...और पढ़ें

मुरादाबाद के जामा मस्जिद पार्क में एआईएमआईएम की ओर से आयोजित जनसभा को संबोधित करते राष्ट्रीय अध्यक्ष असदउद्दीन ओवैसी

मुरादाबाद के जामा मस्जिद पार्क में एआईएमआईएम की ओर से आयोजित जनसभा को संबोधित करते राष्ट्रीय अध्यक्ष असदउद्दीन ओवैसी

HighLights

  1. संभल जामा मस्जिद कमेटी के अध्यक्ष जफर अली पार्टी में शामिल

जागरण संवाददाता, मुरादाबाद। आल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआइएमआइएम) के अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी ने शनिवार को जामा मस्जिद पार्क में जनसभा से विधानसभा चुनाव का बिगुल फूंक दिया। ओवैसी ने कहा कि दिल्ली जंतर-मंतर पर युवाओं की एकजुटता ने अपनी मांगे मनवा लीं। युवाओं के भविष्य का सवाल था। इसलिए एकजुटता बहुत जरूरी है।

उत्तर प्रदेश में राजनीतिक मजबूती तभी मिलेगी, जब समाज अपनी लीडरशिप तैयार करेगा। केवल दूसरे दलों की दरी बिछाने से कुछ नहीं होगा। खराब मौसम के कारण करंट के अंदेशों को लेकर सुरक्षा के लिहाज से मंच और कार्यक्रम स्थल पर बिजली चालू नहीं कराई गई। अंधेरे में ही पूरी जनसभा हुई। मंच पर मोबाइल फोन टार्च की रोशनी नजर आ रहीं थीं।

ओवैसी ने कहा कि अपनी ताकत बनानी होगी और जालिम ताकतों को लोकतांत्रिक तरीके से शिकस्त देनी होगी। लखनऊ वाले बाबा ने बुलडोजर का डर दिखाकर मुसलमानों को कमजोर करने का काम किया है। लेकिन, हम गरीब जरूर हैं, कमजोर नहीं हैं। कहा कि आजम खान को जेल भेज दिया, लेकिन समाजवादी पार्टी ने उनके लिए संघर्ष नहीं किया।

जौहर विश्वविद्यालय का मुद्दा उठाते हुए विपक्ष पर दोहरा रवैया अपनाने का आरोप लगाया। आरोप लगाया कि ठाकुरद्वारा में करीब 36 मदरसा, मस्जिदों पर बुलडोजर चलाने की तैयारी है। इसकी सूची बन चुकी है। लेकिन, सपा के ठाकुरद्वारा विधायक ने आजतक कोई प्रयास नहीं किया।

उनकी पार्टी अन्याय के खिलाफ आवाज उठाती रहेगी और जुल्म से डरने वाली नहीं है। मुरादाबाद की स्वास्थ्य सुविधाओं पर भी सवाल उठाए। कहा कि शहर में अब तक मेडिकल कालेज और एमआरआइ जैसी सुविधाओं का अभाव है। स्मार्ट सिटी परियोजना के कार्यों पर भी सवाल उठाते हुए सरकार से जवाब मांगा।

इससे पहले प्रदेश अध्यक्ष शौकत अली ने कहा कि जिस समाज ने लोकतंत्र में अपना नेतृत्व तैयार नहीं किया, वह राजनीतिक रूप से कमजोर हो गया। उन्होंने कांग्रेस पर दंगों को लेकर हमला बोला और मुरादाबाद के ईदगाह दंगे को भी सुनियोजित बताया। कार्यक्रम संयोजक वकी रशीद ने आभार जताया। वहीं संभल शाही जामा मस्जिद कमेटी के अध्यक्ष जफर अली को अध्यक्ष द्वारा पार्टी की सदस्यता दिलाई गई।

यह भी पढ़ें- मुरादाबाद में बड़ा खेल! एक ही परिवार को बांट दिए 12 फ्लैट, सम‍ित‍ि की जांच रिपोर्ट में खुले कई राज