अमरोहा में चला आपरेशन बुलेट, 104 के ई-चालान, 21 वाहन किए सीज
सोमवार को जिलेभर में चला आपरेशन बुलेट। चेकिंग के दौरान पुलिस ने 29 हजार 400 रुपये का शमन शुल्क वसूला। अपराधियों पर नकेल कसने की रणनीति के तहत पुलिस की ओर से की गई इस कार्रवाई से मची रही अफरातफरी।
अमरोहा। पुलिस अधीक्षक डॉ. विपिन ताडा के आदेश पर सोमवार को जिलेभर में आपरेशन बुलेट चलाया गया। जिसमें पुलिस ने 992 लोगों की तलाशी ली। इस दौरान 21 वाहनों को सीज किया गया तथा 104 वाहनों का ई-चालान किया गया। अभियान से वाहन चालकों में खलबली मची रही।
अपराधियों व संदिग्ध लोगों पर निगरानी के लिए पुलिस अधीक्षक डॉ. विपिन ताडा के आदेश पर जिलेभर में आपरेशन बुलेट चलाया जा रहा है। सोमवार को भी दोपहर एक बजे से तीन बजे तक अभियान चलाया गया। जिसमें सभी थानों की पुलिस ने चेकिंग की। अमरोहा नगर में सीओ विजय कुमार राणा के नेतृत्व में अभियान चला। पुलिस ने दोपहिया व चारपहिया वाहनों को रोक कर तलाशी ली तथा कार्रवाई भी की। एसपी ने बताया कि सोमवार को चलाए गए अभियान के तहत 992 लोगों को रोक कर तलाशी ली गई। इस दौरान मुकदमे में वांछित चल रहे दो आरोपितों को भी गिरफ्तार किया गया। जबकि 48 लोगों को शांतिभंग की धारा में निरुद्ध किया गया। बताया कि चेकिंग अभियान में 21 वाहन सीज किए गए हैं तथा 104 ई-चालान किए हैं। जबकि 29 हजार 400 रुपये का शमन शुल्क वसूला है।