तमंचे के बल पर झोलाछाप ने महिला से किया दुष्कर्म, वीडियो भी बनाई Moradabad news
अमरोहा में झोलाछाप से पहले एक मदरसा संचालक ने छात्रा के साथ दुष्कर्म किया था। पुलिस ने मदरसा संचालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
अमरोहा, जेएनएन। जिले में महिला हिंसा की घटनाएं रुकने का नाम नहीं ले रही हैं। एक दिन पहले जहां मदरसा संचालक ने छात्रा के साथ दुष्कर्म किया वहीं दूसरे दिन झोलाछाप ने एक महिला के साथ। गजरौला के एक गांव में स्नान करते समय झोलाछाप ने एक महिला की वीडियो बना ली। बाद में उसे वायरल करने की धमकी देकर तमंचे के बल पर कई बार दुष्कर्म किया। पुलिस ने इस मामले में आरोपित झोलाछाप व उसके पिता के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
जान से मारने की दी धमकी
गांव निवासी महिला का आरोप है कि दो दिसंबर को वह अपने घर में बने अस्थाई बाथरूम में स्नान कर रही थी। बाथरूम का गेट भी टूटा हुआ है। उसकी जगह पर पर्दा लगा हुआ था। आरोप है कि घर के सामने रहने वाले झोलाछाप आशीष ने उसकी स्नान करते समय वीडियो बना ली। बाद में उसके घर आकर तमंचे के बल पर कई बार दुष्कर्म भी किया। घटना की जानकारी देने पर पीडि़ता के ऊपर तेजाब डालकर जान से मारने की धमकी भी दी। पीडि़ता ने घटना की जानकारी अपने पति को दी। बाद में पति के साथ थाने पहुंचकर पुलिस को भी तहरीर दी लेकिन, पुलिस में इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं की।
पुलिस अधीक्षक से की शिकायत
पीडि़ता ने पुलिस अधीक्षक से मिलकर मामले की जानकारी देते हुए कार्रवाई की गुहार लगाई। एसपी के आदेश पर मंगलवार की रात थाना पुलिस ने आरोपित आशीष व उसके पिता बृजपाल के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। प्रभारी निरीक्षक जयवीर सिंह ने बताया कि आरोपित झोलाछाप व उसके पिता के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। जल्द ही दोनों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।