अतिक्रमण हटाने पर मुख्य कर निर्धारण अधिकारी पर फेंकी कीचड़, हाथापाई Moradabad news
अतिक्रमण हटा रही नगर निगम की टीम के साथ लोगों ने विरोध करने के साथ ही हाथापाई की। इसके साथ ही टीम का नेतृत्व कर रहे नगर निगम के मुख्य कर निर्धारण अधिकारी के कपड़ों पर कीचड़ फेंक दिया
By Narendra KumarEdited By: Published: Thu, 11 Jul 2019 01:40 PM (IST)Updated: Thu, 11 Jul 2019 02:15 PM (IST)
मुरादाबाद ।अतिक्रमण हटा रही नगर निगम की टीम के साथ लोगों ने विरोध करने के साथ ही हाथापाई की। इसके साथ ही टीम का नेतृत्व कर रहे नगर निगम के मुख्य कर निर्धारण अधिकारी के कपड़ों पर कीचड़ फेंक दिया। नगर निगम की टीम ने गुरुवार सुबह रामगंगा विहार फेज टू में अतिक्रमण हटाना शुरू किया। इस दौरान कुछ लोगों ने अतिक्रमण अभियान का विरोध किया। एक मकान के आगे रैंप बनाकर जेनरेटर रखा हुआ था। टीम ने रैंप तोडऩे के साथ ही जेनरेटर को कब्जे में ले लिया। इससे भड़के मकान मालिक ने पहले तो नगर निगम के कर्मचारियों के साथ अभद्रता की। इसके बाद अभियान का निर्देशन कर रहे मुख्य कर निर्धारण अधिकारी आरके सिंह के साथ उलझ गया। सारी कोशिश के बावजूद जब कार्रवाई नहीं रुकी। घर के सामने नाले को पाटने के लिए लगाए गए पत्थर भी हटा दिए, तब मकान मालिक ने नाले से कीचड़ निकालकर मुख्य कर निर्धारण अधिकारी के कपड़ों पर फेंक दी। इसके साथ ही पड़ोसी ने भी टीम के लोगों के साथ हाथापाई कर दी। इसमें पीडब्ल्यूडी कर्मचारी के पैर में चोट आई। पुलिस को सूचना देने के साथ ही कर्मचारियों ने काम रोक दिया। वे टीम के साथ बदसलूकी करने वालों की गिरफ्तार की मांग पर अड़ गए। स्पष्ट कर दिया जब तब आरोपित पकड़े नहीं जाएंगे तब तक आगे की कार्रवाई नहीं होगी। सूचना पर सहायक नगर आयुक्त गंभीर सिंह भी मौके पर पहुंच गए। इसके बाद पुलिस ने आरोपित मकान मालिक सहित दो अन्य को हिरासत में लिया। टीम की ओर से सभी के खिलाफ तहरीर दी जा रही है।
Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें