अभी गर्मी से नहीं मिलेगी राहत,पारा जाएगा 44 के पार Moradabad News
न्यूनतम तापमान के भी 25 डिग्री सेल्सियस ऊपर जाने की संभावना। मौसम के जानकारों का कहना है कि आने वाले दिनों में अधिकतम तापमान में और इजाफा होगा।
मुरादाबाद,जेएनएन। हाल-फिलहाल मुरादाबाद वासियों को गर्मी से राहत नहीं मिलने वाली है। अभी गर्मी अपना सितम और बरपाएगी और सूरज भी ज्यादा गर्म होगा। मौसम वैज्ञानिकों की माने तो आगामी सप्ताह में पारा 44 डिग्री सेल्सियस के पार जा सकता है। वहीं न्यूनतम तापमान भी 25 डिग्री से ऊपर जा सकता है। इसका साफ मतलब है कि आने वाले दिनों में दिन और रात में उमस और बढ़ेगी।
लगातार चौथे दिन मंगलवार को भी गर्मी अपना प्रचंड रूप धारण किए रही। पारा 40 डिग्री सेल्सियस के ऊपर रहा। जैसे-जैसे दिन चढ़ा उमस भी बढ़ती गई। वहीं उत्तर पश्चिम से चलने वाली गर्म हवाओं ने भी लोगों को खासा परेशान किया। ज्यादातर लोगों ने दोपहर के वक्त घरों में ही रहना उचित समझा। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि दोपहर में तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण शाम तक लोगों को गर्मी से राहत नहीं मिल रही है। यही कारण रहा कि शाम सात बजे भी पारा 38 डिग्री सेल्सियस के आसपास मापा गया। जिला मौसम विज्ञान केंद्र प्रभारी निसार अहमद ने बताया कि मंगलवार को न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहा वहीं अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस मापा गया। उन्होंने कहा कि आगामी सप्ताह में पारा 44 डिग्री सेल्सियस से ऊपर जाने की संभावना बनी हुई है। वहीं अभी गर्म मौसम से लोगों को राहत नहीं मिलेगी।