अब रामपुर में सात प्रत्याशी लड़ेंगे चुनाव, तीन के पर्चे खारिज Rampur news
विधानसभा उपचुनाव के लिए नामांकन पत्रों की जांच पड़ताल के दौरान तीन पर्चे खारिज कर दिए गए।
रामपुर: विधानसभा उपचुनाव के लिए नामांकन पत्रों की जांच पड़ताल के दौरान तीन पर्चे खारिज कर दिए गए। अब सात प्रत्याशी मैदान में बचे हैं। रामपुर शहर विधानसभा सीट पर उपचुनाव हो रहा है। सोमवार को नामांकन पत्र दाखिल करने का अंतिम दिन था, जिसमें 10 लोगों ने पर्चे भरे।
डॉ.तजीन फात्मा हैं सपा उम्मीदवार
मंगलवार को नामांकन पत्रों की जांच हुई, जिसमें तीन लोगों के पर्चे खारिज कर दिए गए। समाजवादी पार्टी के नगर अध्यक्ष आसिम राजा ने विकल्प के तौर पर पार्टी की ओर से पर्चा दाखिल किया था, जबकि सांसद आजम खान की पत्नी राज्यसभा सदस्य डॉ. तजीन फात्मा सपा उम्मीदवार हैं। उनका पर्चा सही पाए जाने पर आसिम राजा का पर्चा निरस्त कर दिया गया। इसके अलावा नरेश कुमार सैनी और अकरम के पर्चे भी खारिज कर दिए गए। ये दोनों ही निर्दलीय उम्मीदवार हैं।
दो प्रत्याशियों के प्रस्तावक नहीं थे पूरे, इसलिए खारिज किए पर्चे
उप जिलाधिकारी सदर एवं निर्वाचन अधिकारी प्रेम प्रकाश तिवारी ने बताया कि इन दोनों ही प्रत्याशियों के प्रस्तावक पूरे नहीं थे, इस कारण पर्चे खारिज किए गए हैं। अब तीन अक्टूबर को नाम वापसी और चुनाव चिन्ह आवंटन का कार्य होगा। इसके साथ ही नामांकन प्रक्रिया पूरी हो जाएगी।
रामपुर शहर सीट से नौ बार विधायक रहे हैं आजम खां
रामपुर शहर विधानसभा सीट से आजम खान नौ बार विधायक रहे हैं। इस साल वह पहली बार लोकसभा का चुनाव लड़े और सांसद बन गए। इसके साथ ही उन्होंने विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया। इसके बाद यह सीट खाली हो गई और अब यहां उपचुनाव हो रहा है। इसमें समाजवादी पार्टी की ओर से राज्य सभा सदस्य डाक्टर तजीन फात्मा, भारतीय जनता पार्टी की ओर से भारत भूषण गुप्ता, कांग्रेस से अरशद अली खान गुड्डू और बसपा से जुबैर मसूद खान प्रत्याशी हैं।