नोडल अधिकारी ने किया अगवानपुर नगर पंचायत का निरीक्षण, सर्वे में मिलीं अनियमितताएं
Nodal officer inspection विशेष सचिव व कोविड-19 के नोडल अधिकारी बृजेश कुमार त्यागी नगर पंचायत अगवानपुर में निरीक्षण को पहुंचे थे। यहां उन्हें भारी अनियमितताएं मिलीं।
जेएनएन, मुरादाबाद। जिले के कोविड-19 के नोडल अधिकारी व विशेष सचिव बृजेश कुमार त्यागी ने नगर पंचायत अगवानपुर का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान नगर में सफाई व्यवस्था सही नहीं मिलने पर नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी को फटकार लगाई। साथ ही व्यवस्था दुरुस्त कराने के निर्देश दिए।
जिलों के दौरे पर हैं नोडल अधिकारी
शासन के निर्देश पर इन दिनों सभी जिलों के कोविड-19 के नोडल अधिकारी अपने-अपने जिलों में कोरोना के खिलाफ चल रहे अभियानों का निरीक्षण कर रहे हैं। इसी क्रम में विशेष सचिव बृजेश कुमार त्यागी मुरादाबाद पहुंचे हैं। मंगलवार को वह अगवानपुर नगर पंचायत पहुंचे। अपने निरीक्षण के दौरान नोडल अधिकारी ने नगर में हो रहे स्वास्थ विभाग के सर्वे की घर-घर जाकर जांच की। इस दौरान नगरवासियों ने बताया कि यहां पता नहीं कब टीम जांच को आई और कब चली गई। इस दौरान गेट पर ही टीम ने अपनी एंट्री दर्ज की है। यह शिकायत एक दो नहीं बल्कि काफी घरों में मिली। इसके अलावा निरीक्षण के दौरान नोडल अधिकारी को नगर में जगह-जगह गंदगी मिली। इस पर उन्होंने नगर के अधिशासी अधिकारी को आड़े हाथों लेते हुए कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने जल्द से जल्द नगर में सफाई व्यवस्था दुरुस्त कराने के निर्देश अधिशासी अधिकारी मुरारी लाल शर्मा को दिए।
सर्वे के काम में हो रही खानापूर्ति
नोडल अधिकारी बृजेश कुमार त्यागी ने बताया की नगर में सफाई व्यवस्था बेहद खराब है। सफाई के नाम पर खानापूॢत की जा रही है। यही नहीं नगर में जो टीम कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए घर-घर जाकर सर्वे कर रही है, वह भी सिर्फ खानापूर्ति ही कर रही है। घर-घर जाकर जानकारी लेने के बाद गेट पर ही एंट्री दर्ज कर अपने कर्तव्य से बच रही है। यह भारी लापरवाही है। इस मामले में स्वास्थ्य विभाग को लिखा जाएगा, ताकि नगर में घर-घर जाकर सही तरह से सर्वे हो सके।