रेलवे फाटकों पर अब नहीं होंगे हादसे, रेलवे की ये है योजना Moradabad News
व्यस्त रेल फाटकों का सूची तैयार में जुटा रेल प्रशासन अधिकारी ऑन लाइन देख सकेंगे। रेल फाटकों पर अप्रिय घटना होने या रेल फाटक तोडऩे पर टे्रन को समय रहते रोका जा सकेगा।
मुरादाबाद(प्रदीप चौरसिया)। रेल फाटकों पर दुर्घटना रोकने के लिए रेलवे सीसीटीवी लगाने जा रहा है। इसके द्वारा स्टेशन मास्टर व अधिकारी सीधे वहां का हाल देख पाएंगे।
दो साल पहले तक रेल फाटक पर सबसे अधिक दुर्घटनाएं होती थीं। इस पर रेलवे ने देश भर के मानव रहित रेल फाटकों पर अस्थायी मानव सहित रेल फाटक बनाने का काम शुरू किया। मुरादाबाद के 50 से अधिक मानव रहित रेल फाटकों को बंद कर दिया है। दो सौ से अधिक फाटक को अस्थायी रूप से मानव सहित कर दिया है। अब रेल फाटकों के स्थान पर अंडर पास या ओवर ब्रिज बनाने की तैयारी है। बंद रेल फाटक को वाहन द्वारा तोडऩे या बंद रेल फाटक से वाहन निकालने के कारण दुर्घटनाओं की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। इनको रोकने के लिए रेलवे सभी व्यस्त रेल फाटकों पर सीसीटीवी लगाने जा रहा है। स्टेशन मास्टर गेट पर सीधे निगरानी रखेंगे और ऑनलाइन अधिकारी भी गेट की चेकिंग करेंगे। बंद रेल फाटक पर किसी प्रकार की अप्रिय घटना होने की आशंका दिखते ही स्टेशन मास्टर ट्रेन को बीच रास्ते में रोक देगा। मुरादाबाद रेल मंडल में व्यस्त रेल फाटकों का चयन किया जा रहा है। हरिद्वार में आयोजित होने वाले कुंभ मेला से पहले हरिद्वार, लक्सर, रुड़की के आसपास के रेल फाटक पर सीसीटीवी लगा दिए जाएंगे। प्रवर मंडल वाणिज्य प्रबंधक रेखा शर्मा ने बताया कि रेल फाटक पर होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने के लिए व्यस्त रेल फाटकों पर सीसीटीवी लगाए जाएंगे। कुंभ मेला के समय हरिद्वार के आसपास के रेल फाटकों पर सीसीटीवी लगाने का काम पूरा कर लिया जाएगा।