उत्तराखंड के नौ लोगों पर दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज, जानिए क्या है पूरा मामला
दहेज के लिए विवाहिता को मारपीट कर घर से निकलने का आरोप। महिला हेल्पलाइन पर शिकायत के बाद पुलिस ने किया मुकदमा दर्ज। पीड़िता ने पुलिस को तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई मगर कोई सुनवाई नहीं हुई। इस पर उसने महिला हेल्पलाइन का सहारा लिया।
अमरोहा, जेएनएन। काशीपुर(उत्तराखंंड) निवासी ससुराल पक्ष के लोगों ने विवाहिता को दहेज की खातिर मारपीट कर घर से निकल दिया। महिला हेल्पलाइन पर फोन के बाद हरकत में आई पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर पति सहित नौ लोगों के विरुद्ध दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज किया है।
क्षेत्र के ग्राम कपसुआ निवासी निरंजनसिंह ने अपनी पुत्री मोनिका की शादी सन 2017 में अमित पुत्र अतर सिंह निवासी प्रतापपुर थाना काशीपुर जिला ऊधमसिंह नगर के साथ की थी। विवाह के समय पिता ने मोनिका को दान दहेज भी दिया था। मोनिका के सुसराल वाले शादी में दिए दान दहेज से खुश नहीं थे। पति अमित द्वारा मोनिका से दहेज में पांच लाख रुपये व एक कार की मांग की जा रही थी। मोनिका ने अपने पिता को ससुरालियों की इस मांग के बारे में बताया। मगर आर्थिक रूप से कमजोर पिता ने इस मांग को पूरी करने से मना कर दिया। इसके बाद उसका शारीरिक व मानसिक उत्पीड़न किया जाने लगा। इसी बीच मोनिका एक बेटे की मां बन गई। मगर सुसराल वालोंं का कहर मोनिका पर लगातार जारी रहा। इसको लेकर पंचायतें भी हुईंं मगर कोई नतीजा नहीं निकला। मोनिका का आरोप है कि मांग पूरी नहीं होने पर उसके ससुरालियों ने उसे घर से निकाल दिया व उसके दो वर्ष के बेटे को अपने पास रख लिया। पीड़िता ने पुलिस को तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई मगर कोई सुनवाई नहीं हुई। इस पर उसने महिला हेल्पलाइन का सहारा लिया। जिस पर हरकत में आई पुलिस ने दहेज उत्पीड़न की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। थाना प्रभारी निरीक्षक अमरसिंह ने बताया कि पुलिस ने पति सहित अतरसिंह ससुर,शकुंतला सास,अजय-अंकित जेठ- देवर,ममता जेठानी व प्रीति,अनुराधा,निशा ननद समेत नौ लोगोंं के विरूद्ध दहेज उत्पीड़न की धाराओ में मुकदमा दर्ज किया है।