डबल डेकर हादसे में लापरवाही पड़ी भारी, दो सीनियर सेक्शन इंजीनियर निलंबित Moradabad News
बुधवार से मुख्यालय की तीन सदस्यीय टीम करेगी जांच। सुपरवाइजर रिपोर्ट में दुर्घटना का कारण नहीं हो सका स्पष्ट।
मुरादाबाद, जेएनएन। कटघर के पास हुई डबल डेकर दुर्घटना में दो सीनियर सेक्शन इंजीनियर निलंबित कर दिए गए गए हैं। वहीं सुपरवाइजरों की रिपोर्ट में दुर्घटना का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया। बुधवार को मुख्यालय के तीन अधिकारियों की टीम जांच करने मुरादाबाद आएगी।
लखनऊ से आनंद विहार जाने वाली डबल डेकर एक्सप्रेस रविवार सुबह कटघर स्टेशन से निकलते ही गुलाबबाड़ी के नजदीक दुर्घटनाग्रस्त हो गई। दो बोगियों के पहिए पटरी से उतर गए। दुर्घटना का कारण खोजने के लिए कई विभाग के सुपरवाइजर लगाए गए थे। सुपरवाइजर दुर्घटना का कारण स्पष्ट नहीं कर पाए। सोमवार को भी दुर्घटनाग्रस्त दोनों कोच की जांच हुई। दोनों कोच की नाप जोख कराई गई। अभी तक जो तथ्य सामाने आए हैं, उसके अनुसार दुर्घटनागस्त क्षेत्र के सीनियर सेक्शन इंजीनियर ने घटनास्थल का निरीक्षण नहीं किया। इतना ही नहीं दूसरे को चार्ज देकर छुïट्टी पर चले गए थे। कार्य संभाल रहे सीनियर सेक्शन इंजीनियर भी कार्य स्थल पर नहीं गए थे।
तीन सदस्यीय कमेटी गठित
उत्तर रेलवे मुख्यालय ने घटना की जांच के लिए तीन अधिकारियों को नामित किया है। इसमें उप मुख्य संरक्षा अधिकारी (सिग्नल विभाग) उप मुख्य संरक्षा अधिकारी (इंजीनियङ्क्षरग) और उप मुख्य संरक्षा अधिकारी (यांत्रिक) शामिल हैं। बुधवार से समिति जांच करेगी। दुर्घटना से जुड़ी जानकारी के लिए 17 रेल कर्मियों को पूछताछ के लिए बुलाया है।
मंडल रेल प्रबंधक तरुण प्रकाश ने बताया कि डबल डेकर दुर्घटना के मामले में सीनियर सेक्शन इंजीनियर हेमराज सोनी और सुनील शर्मा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। जांच रिपोर्ट आने पर दुर्घटना का कारण पता चलेगा।
आर्मी स्पेशल की जांच जूनियर ग्रेड अधिकारी करेंगे कल से
शनिवार रात में धनेटा स्टेशन के यार्ड में आर्मी स्पेशल की एक बोगी के दो पहिए पटरी से उतर गए थे। सुपरवाइजरों की जांच में भी इस घटना का कारण पता नहीं चल पाया है। सोमवार को दुर्घटना ग्रस्त आर्मी एक्सप्रेस की बोगी की जांच की गई। इस घटना की जांच जूनियर स्केल के अधिकारियों को सौंपी है। इनमें मंडल परिचालन प्रबंधक आशीष सिंह, मंडल यांत्रिक अभियंता प्रशांत कुमार और सहायक अभियंता बरेली कर्ण प्रीति शामिल हैं। यह टीम भी बुधवार से जांच शुरू कर देगी। टीम ने जांच के लिए 14 रेल कर्मियों को बुलाया है।
जीएम ने दुर्घटना की वीडियो कांफ्रेंस द्वारा ली जानकारी
मुरादाबाद: रेल मंडल में दो दिन में दो दुर्घटना को लेकर रेल प्रबंधन गंभीर है। स्थानीय रेलवे अधिकारी छुïट्टी होने के बाद भी दिन भर घटना को लेकर मंथन करते रहे। दोपहर तीन बजे उत्तर रेलवे के महाप्रबंधक ने वीडियो कांफ्रेंसिंग द्वारा डीआरएम तरुण प्रकाश व अन्य अधिकारियों से जानकारी ली और एक-एक बिंदु पर चर्चा की।