Naugawan Sadat by-election : उप चुनाव में 10 प्रत्याशियों को नोटा से भी कम मिले वोट
Naugawan Sadat by-election अमरोहा जिले की नौगावां सादात विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव की मतगणना में कई रोचक बातें भी सामने आईं। कई प्रत्याशी ऐसे रहे जिन्हेंं नोटा से कम वोट मिल पाया। एक प्रत्याशी तो जमानत भी नहीं बचा पाईं।
अमरोहा, जेएनएन। उपचुनाव में संगीता चौहान के विजयी होने के साथ ही 10 प्रत्याशियों से नोटा भी जीता है। यह प्रत्याशी नोटा से भी कम वोट प्राप्त कर सके। नोटा को 761 वोट मिले हैं। जबकि सबसे कम जनशक्ति दल के प्रत्याशी हरस्वरूप को 216 वोट मिले हैं।
नौगावां सादात विस क्षेत्र के उपचुनाव में कुल 14 प्रत्याशी चुनावी मैदान में थे। भाजपा की संगीता चौहान विजयी रहीं तो सपा के जावेद आब्दी दूसरे नंबर पर रहे। जबकि बसपा के फुरकान अहमद तीसरे नंबर रहे। कांग्रेस प्रत्याशी डॉ. कमलेश सैनी चौथे नंबर पर रहीं तथा अपनी जमानत भी नहीं बचा सकीं। वहीं 14 प्रत्याशियों में पांचवेंं नंबर पर नोटा रहा। नोटा को शेष 10 प्रत्याशियों में सबसे ज्यादा 761 वोट मिले हैं। नेशनल कांग्रेस पार्टी प्रत्याशी हशमत अली को 694, राष्ट्रीय हिंद समाज पार्टी के अकरम को 652, लोकतंत्र सुरक्षा पार्टी के अमरजीत कोहली को 452, भारतीय हरित पार्टी के धर्मपाल सिंह को 461 तथा जनशक्ति दल के हरस्वरूप को सबसे कम 216 वोट मिले। वहीं निर्दलीय प्रत्याशी शेर सिंह बौद्ध को 684, जहांआरा को 707, अवनीश को 610, अफरोज आलम को 723 तथा अजीत कुमार को 613 वोट मिले हैं।