Naugawan Sadat By Poll 2020 : सुबह मतदाताओं में दिखा उत्साह, दोपहर से बूथों पर पसरा सन्नाटा
Naugawan Sadat By Poll 2020 उपचुनाव में मतदाताओं की बेरुखी से सूने-सूने नजर आए मतदान केंद्र। राजनीतिक दलों के नेताओं की मिन्नतों को भी वोटरों ने किया दरकिनार। पोलिंग पार्टियों को कोरोना के संक्रमण से बचाने के लिए पुख्ता इंतजाम किए।
अमरोहा। Naugawan Sadat By Poll 2020। नौगावां सादात विधानसभा क्षेत्र उपचुनाव को लेकर सुबह मतदाताओं में उत्साह दिखा। हर बूथ पर वोटरों की लाइन नजर आई लेकिन, दोपहर में सन्नाटा पसर गया। पोलिंग पार्टियां वोटरों का इंतजार करती रहीं। इक्का-दुक्का ही मतदाता वोटिंग को आते और जाते नजर आए। राजनैतिक दलों के नेता मनाने में जुटे रहे किन्तु, मतदाताओं ने उनकी मिन्नतों को दरकिनार कर दिया।
लोकतंत्र के इस पर्व में मतदान न कर अपने आप को किनारे कर लिया। यूं तो प्रशासन ने उपचुनाव को लेकर काफी प्रचार-प्रसार किया। पोलिंग पार्टियों को कोरोना के संक्रमण से बचाने के लिए पुख्ता इंतजाम किए। मतदाताओं की सुरक्षा के भी मजबूत बंदोबस्त किए। मास्क व ग्लब्स प्रत्येक बूथ पर उपलब्ध कराए। सुबह सात बजे मतदान चालू हो गया। जिसके बाद बूथों पर मतदाताओं की भीड़ उमड़ पड़ी। दूर तक लाइन नजर आई लेकिन, दोपहर एक बजे के बाद यह लाइन गायब हो गई। कुछ बूथों पर ही भीड़भाड़ दिखाई दी। वोटरों के द्वारा मतदान में दिलचस्पी नहीं लेने की जानकारी जब राजनीतिक दलों के नेताओं व कार्यकर्ताओं को लगी तो वह घर-घर जाकर उनको वोट की कीमत बताने लगे। वोटिंग के लिए प्रेरित करने लगे लेकिन, इस चुनाव में वोटरों ने नेताओं की एक न सुनी। ज्यादातर मतदाता मतदान की बजाय अपने दूसरे कार्यों में ही व्यस्त रहे। नतीजतन बूथों पर पोलिंग पार्टियां मतदाताओं की राह तकती नजर आईं।