Naugawan Sadat By Poll 2020 : नौगावां सादात विधानसभा क्षेत्र में सुबह नौ बजे तक 8.5 फीसद मतदान
Naugawan Sadat By Poll 2020 कुछ बूथों पर लाइन लगी रही तो कुछ पर सन्नाटा नजर आया।हालांकि एक-एक कर मतदाता बूथों पर पहुंचते दिखाई दिए। बता दें कि इस विधानसभा क्षेत्र में 321699 मतदाता हैं। वह आज चुनाव लड़ रहे 14 प्रत्याशियों का भाग्य लिखेंगे।
अमरोहा, जेएनएन। Naugawan Sadat By Poll 2020। नौगावां सादात विधानसभा क्षेत्र में सुबह सात बजे मतदान का कार्य शुरू हो गया। नौ बजे तक 8.5 फीसद मतदान हुआ। इस दौरान जलालपुर धना गांव में बने बूथ पर ईवीएम में तकनीकी खराबी आ गई। इसकी वजह से आधा घंटा मतदान प्रभावित रहा और मतदाता लाइन लगाकर अपनी बारी का इंतजार करते नजर आए।
बूथ पर मतदाताओं के लिए ग्लब्स का इंतजाम भी नहीं किया गया था। इसके अतिरिक्त विधानसभा क्षेत्र के अन्य बूथों पर भी सुबह से ही मतदाताओं की लंबी कतारें नजर आईं। कंट्रोल रूम में कुछ जगह से तकनीकी खराबी होने के कारण ईवीएम नहीं चलने की शिकायतें मिली। इस पर जिलाधिकारी उमेश मिश्र ने तुरंत अधिकारियों को मौके पर भेजा और उन्हें शुरू कराया। करीब एक घंटे तक जिलाधिकारी व अपर जिलाधिकारी विनय कुमार सिंह कंट्रोल रूम में मौजूद रहे। आरओ कंट्रोल रूम की बागडोर संभाले हुए हैं। जहां से भी शिकायत मिल रही हैं वहीं पर अधिकारियों को भेजा जा रहा है। हालांकि कुछ बूथों पर सन्नाटा नजर आया। एक-एक कर मतदाता बूथों पर नजर आए। यहां बता दें कि इस विधानसभा क्षेत्र में 3,21,699 मतदाता हैं। वह आज चुनाव लड़ रहे 14 प्रत्याशियों का भाग्य लिखेंगे। खास बात इसमें यह है कि कैबिनेट मंत्री चेतन चौहान की मौत के बाद उनकी पत्नी संगीता चौहान भाजपा प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ रहींं हैं। दिलचस्प मुकाबले के आसार जताए जा रहे हैं।
थर्मल स्क्रीनिंग के बाद ही मतदान केंद्रों में प्रवेश कर रहे मतदाता
कोरोना संक्रमण को देखते हुए प्रत्येक बूथ पर थर्मल स्क्रीनिंग की व्यवस्था की है। आशाओं को इसकी जिम्मेदारी सौंपी है। प्रत्येक केंद्र पर पहले थर्मल स्क्रीनिंग हो रही है और उसके बाद ही मतदाताओं को अंदर प्रवेश कराया जा रहा है। इसके अलावा मास्क पहनना अनिवार्य किया है। बगैर मास्क के किसी भी मतदाता को केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जा रहा है।