शारीरिक दूरी के नियम की लगाई जा रही मुनादी
मुरादाबाद कोरोना काल में शारीरिक दूरी के नियम का पालन जरूरी है।
मुरादाबाद : कोरोना काल में शारीरिक दूरी के नियम का पालन जरूरी है। हजरत मुहम्मद साहब के जन्मदिन के मौके पर लोगों से मुनादी के जरिये संक्रमण से बचाव के साथ कार्यक्रम करने की नसीहतें दी जा रही है। वहीं बच्चों में भी उत्साह दिखाई दे रहा है। घरों में चरागां करने के साथ ही छोटी बत्तियां लगाई जा रही हैं। बताया जा रहा है कि आप पूरी दुनिया के लिए मोहसिने इंसानियत बनकर आए। आपके आने से जिहालत का अंधेरा दूर हुआ।
मरकजी जमीयत अहले सुन्नत के सेक्रेट्री मुफ्ती दानिश कादरी ने बताया हजरत मुहम्मद साहब के आने के बाद ही खुशियां मिली। ये दिन दूसरे त्योहारों से बढ़कर मनाया जाता है। 1950 से जुलूसे मुहम्मदी निकाला जा रहा है। जुलूस ए मुहम्मदी की तारीख पुरानी है। 1951 धर्म गुरु फखरे मिल्लत मौलाना मुफ्ती नजीरुल अकरम साहब ने मरकजी जमिय्यत एहले सुन्नत के नाम से एक तंजीम बनाने के साथ ही पहली बार जुलूस निकाला था। ये परंपरा आज तक उसी तरह चली आ रही है। उसके बाद से निरंतर ये व्यवस्था ऐसे ही चली आ रही है। पहले दिन टाउनहाल पर जलसा ए सीरतुन्नबी होता दूसरे दिन जुलूस और तीसरे दिन लाल मस्जिद में जलसा होता है। जुलूस छोड़कर बाकी के सभी कार्यक्रम यथावत रहेंगे। वहीं लोगों से शारीरिक दूरी के नियम का पालन कराने के लिए मुनादी लगवाई जा रही है।