सांसद आजम खां के इशारे पर हुई लूटपाट में समर्थक गिरफ्तार, जानिए क्या है पूरा मामला
MP Azam Khan मुकदमों मेंं मारपीट फायरिंग लूटपाट तोड़फोड़ और छेड़छाड़ के भी आरोप लगाए गए। इन मुकदमों में पुलिस ने आरोपितों की गिरफ्तारी शुरू कर दी है।
रामपुर। गंज कोतवाली पुलिस ने सांसद आजम खां के इशारे पर डूंगरपुर में मकान तोड़ने, घरों में लूटपाट और छेड़छाड़ करने के मामले में एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। इस मुकदमे में दो आरोपित पहले ही गिरफ्तार किए जा चुके हैं। गिरफ्तार आरोपितों ने पुलिस को बताया कि यह घटना सपा सरकार में मंत्री रहे आजम खां के इशारे पर की थी।
पुलिस लाइन के पास स्थित डूंगरपुर बस्ती में सपा शासनकाल में आसरा कालोनी का निर्माण कराया गया था। तब सांसद आजम खां कैबिनेट मंत्री थे। जहां आसरा कालोनी बनाई गई, वहां पहले से कई लोगों के मकान बने हुए थे। इन मकानों को तोड़ दिया गया था। बाद में जिनके मकान तोड़े गए, उन लोगों ने गंज कोतवाली में करीब दर्जन भर मुकदमे दर्ज कराए थे। इन मुकदमों में सांसद के समर्थकों को नामजद किया गया था।
सोमवार को पुलिस ने दो आरोपितों को गिरफ्तार किया था। बुधवार काे भी पुलिस ने एक आरोपित को पकड़ा है। गंज कोतवाल रामवीर सिंह यादव ने बताया कि मुकदमे में आरोपित मुहल्ला घेर फतेह खां निवासी सज्जाद खां को रजा डिग्री कालेज चौराहे से गिरफ्तार किया है। उसने पूछताछ में बताया कि आसरा कालोनी निर्माण के लिए हमने अपने साथियों की मदद से तत्कालीन सरकार में मंत्री रहे मोहम्मद आजम खां के इशारे पर घरों में लूटपाट, मारपीट, फायरिंग, छेडछाड आदि करते हुए हुए तोड़ दिया था। आरोपित को कोर्ट के आदेश पर जेल भेज दिया है।