बेटे की हत्या के बाद मां ने खुद को भी गोली से उड़ाया
रामपुर के सिविल लाइंस क्षेत्र के ज्वाला नगर में घरेलू कलह से तनाव में आई युवती ने अपने मासूम बेटे की गोली मारकर हत्या करने के बाद स्वयं को गोली मारकर आत्महत्या कर ली।
मुरादाबाद (जेएनएन)। घरेलू विवाद में उत्तेजित हुई युवती ने अपने तीन साल के बेटे को गोली से उड़ा दिया। बाद में खुद को भी गोली मारकर जान दे दी। युवती के आत्मघाती कदम से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। यह कदम उठाने के पीछे घरेलू विवाद बताया जा रहा है। माना जा रहा है कि भैया दूज पर वह भाई का तिलक करने नहीं जा सकी थी।
बेटे की कनपटी पर तमंचे से मारी गोली
घटना रामपुर नगर के सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र की है। अशोक विहार ज्वालानगर निवासी शेखर यादव कपड़ा व्यापारी हैं। उनकी साई विहार में कपड़ों की दुकान है। शुक्रवार को उनकी 27 वर्षीय पत्नी कविता यादव ने तीन साल के बेटे वंश को तमंचे से गोली मार दी और बाद में खुद को भी गोली मार ली। गोली की आवाज सुनकर परिवार के अन्य सदस्य युवती के कमरे में पहुंचे तो वहां का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। मासूम की लाश खून से लथपथ पड़ी थी, जबकि कविता भी खून से लथपथ थी और तड़प रही थी।
मुरादाबाद के अस्पताल में तोड़ा दम
परिजन युवती को लेकर तुरंत जिला अस्पताल पहुंचे, जहां उसकी हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने रेफर कर दिया। परिजन उसे मुरादाबाद ले गए, जहां उपचार के दौरान उसकी भी मौत हो गई। घटना की सूचना पर सिविल लाइंस कोतवाली पुलिस व्यापारी के घर पहुंची। बच्चे के शव को कब्जे में कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
कविता के भाई और पति में थी अनबन
कार्यवाहक पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार भी घटनास्थल पहुंचे और पूछताछ की। पुलिस को कविता के कमरे से सुसाइड नोट भी मिला है। पुलिस का अनुमान है कि कविता के पति और भाई के बीच विवाद चल रहा था। वह दोनों को मिलाना चाहती थी और उसमें असफल होने पर उसने अपने बच्चे को गोली मारकर खुद भी आत्महत्या कर ली। कविता के पति और भाई के बीच क्या विवाद था, पुलिस इसकी जानकारी कर रही है।
सिविल लाइंस कोतवाल सुधीर कुमार ने बताया कि अभी युवती का शव मुरादाबाद से यहां नहीं आया है। जब परिजन शव लेकर आएंगे तो उनसे जानकारी की जाएगी।
सुसाइड नोट में किसी को नहीं ठहराया जिम्मेदार
कविता के कमरे से पुलिस को जो सुसाइड नोट मिला है, उसमें घटना के लिए किसी को जिम्मेदार नहीं ठहराया है। उसने लिखा है कि वह बहुत दुखी है। अपने पति और भाई को नहीं मिला सकी, इसका अफसोस है। किसी का दोष नहीं है, वह अपने कृत्य के लिए खुद जिम्मेदार है। उसने सुसाइड नोट में मम्मी-पापा, दीदी-जीजा, ननद-नन्दोई को नमस्ते भी लिखा है।
मां-बेटे की मौत से क्षेत्रवासी गमजदा
महिला द्वारा अपने बेटे की गोली मारकर हत्या करने और बाद में खुद को गोली मारकर आत्महत्या से मुहल्ले में सन्नाटा पसरा है। मुहल्ले के लोगों को यकीन नहीं हो रहा कि कल तक जो युवती अपने बच्चे को दुलार करते नहीं थकती थी, उसने ऐसा कदम उठाया। आसपास के लोगों से जानकारी करने पर पता चला कि महिला का मायका मुरादाबाद जिले के थाना मूंढापांडे अंतर्गत आशापुर बूजपुर गांव का है।
चार साल पहले हुई थी शादी
उसकी करीब चार साल पहले शादी हुई थी। शादी के एक साल बाद उसने बेटे को जन्म दिया। बेटे के जन्म के साथ ही उनके घर में खुशियां छा गईं। सास-ससुर, पति, ननद आदि सभी बहुत खुश थे। किसी को जरा भी संदेह नहीं था कि खुशहाल परिवार में रहने वाली कविता का मन अंदर से इतना दुखी है।
पुलिस जांच करे रही तमंचे की
युवती ने जिस तमंचे से गोली चलाई है, उसे पुलिस ने कब्जे में कर लिया है। अपर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार ङ्क्षसह ने बताया कि जिस तमंचे से गोली चलाई है, वह 315 बोर का है। महिला के घर तमंचा कहां से आया? यह भी जांच का विषय है। अभी परिजन सदमे में हैं। बाद में उनसे इस संबंध में जानकारी की जाएगी।