इंस्टाग्राम दोस्ती पड़ी भारी, मुरादाबाद में युवती के नाम पर लिया लाखों का लोन, अब धमका रहा आरोपी
इंस्टाग्राम पर दोस्ती कर राजस्थान के युवक ने मुरादाबाद की युवती के नाम पर 20 हजार रुपये लिए और चार ऑनलाइन लोन कराकर पैसे अपने खाते में ट्रांसफर कर लिए।

HighLights
इंस्टाग्राम पर दोस्ती कर युवती के नाम पर लिया लोन।
एनजीओ डायरेक्टर बनाने के नाम पर ठगे 20 हजार रुपये।
किश्त मांगने पर आरोपी ने दी जान से मारने की धमकी।
जागरण संवाददाता, मुरादाबाद। मझोला निवासी युवती को इंस्टाग्राम के माध्यम से राजस्थान के युवक ने अपने जाल में फंसा लिया। खुद को एनजीओ का चेयरमैन बताने वाले युवक ने युवती को संस्था का डायरेक्टर बनाने के नाम पर 20 हजार रुपये लिए।
इसके बाद उसके मोबाइल से अलग-अलग एप के जरिए चार आनलाइन लोन करा लिए और पूरी रकम अपने खाते में ट्रांसफर करा ली। किश्त जमा करने के लिए कहने पर आरोपित ने युवती और उसके स्वजन को जान से मारने की धमकी दी। शिकायत पर पुलिस ने आरोपित के खिलाफ धोखाधड़ी, धमकी और आइटी एक्ट की धाराओं में प्राथमिकी लिखी है।
यह है पूरा मामला
नया मुरादाबाद स्थित पार्श्वनाथ प्रतिभा सोसायटी निवासी युवती ने बताया कि सितंबर 2025 में इंस्टाग्राम के माध्यम से राजस्थान निवासी संदीप महार से उसकी दोस्ती हुई थी। बातचीत बढ़ने के बाद संदीप ने बिजनौर स्थित सहज सोच फाउंडेशन नामक एनजीओ में डायरेक्टर बनाने की बात कही। इसके लिए 20 हजार रुपये नकद ले लिए।
एनजीओ से संबंधित कोई दस्तावेज या रिकार्ड उसे नहीं दिया गया। इसके बाद संदीप ने खुद को संस्था का चेयरमैन बताते हुए युवती पर दबाव बनाया और उसके नाम पर आनलाइन लोन करा लिए और रकम संदीप ने यह कहकर अपने खाते में ट्रांसफर करा ली कि एनजीओ का फंड आते ही लोन बंद करा देगा।
आरोपित ने शुरुआत में एक माह की किश्त जमा की, लेकिन इसके बाद भुगतान बंद कर दिया। प्रभारी निरीक्षक रविंद्र कुमार ने बताया कि शिकायती पत्र के आधार पर आरोपित के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
