Moradabad weather : आगामी दिनों में गर्मी से मिलेगी राहत, मानसून आने में अभी एक सप्ताह का वक्त
Moradabad weather अधिकतम तापमान 34.2 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24.4 डिग्री रहा। मुरादाबाद में बारिश 24.5 मिमी दर्ज की गई। मौसम विभाग की मानें तो अभी मानसून नहीं आया है। मानसून आने में अभी एक सप्ताह का समय लगेगा।
मुरादाबाद, जेएनएन। शनिवार को हुई बारिश से मौसम सुहाना हो गया। इससे लोगों को गर्मी से राहत मिली। तीन दिन पहले 40 के पास तापमान पहुंच गया था। लेकिन, शनिवार को तापमान में काफी गिरावट आई। शनिवार को अधिकतम तापमान 34.2 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24.4 डिग्री रहा। मुरादाबाद में बारिश 24.5 मिमी दर्ज की गई। मौसम विभाग की मानें तो अभी मानसून नहीं आया है। मानसून आने में अभी एक सप्ताह का समय लगेगा।
12 दिन पहले भी तेज आंधी और बारिश आई थी। जून में करीब 122 डिग्री के आसपास बारिश होने की बात मौसम विभाग द्वारा बताई जा रही है। तीन दिन से बारिश के आसार बने हुए थे। शनिवार को बारिश होने के कारण जलभराव से दिक्कतें जरूर हुईं लेकिन, गर्मी कम होने से घर में भी राहत मिली। लोगों को एसी व कूलर बंद करने पड़े।
बारिश शुरू होने के साथ ही बिजली आपूर्ति ठप
बारिश होने के साथ ही बत्ती गुल हो गई। शहरी क्षेत्र के साथ ही अन्य इलाकों में भी लोगों को दुश्वारी का सामना करना पड़ा। सुबह से शाम तक ट्रिपिंग की वजह से लोगों का घर में रुकना मुहाल हो गया। बारिश से बिजली व्यवस्था खराब होने लगी है। शनिवार की सुबह बारिश होने के साथ ही कई बिजलीघरों की बत्ती गुल हो गई। दौलतबाग से जुड़े क्षेत्रों में अहतियातन आपूर्ति बंद कर दी गई। बिजलीघर के बाहर पानी जमा होने से फाल्ट होने का खतरा बढ़ गया था। वहीं जयंतीपुर में सुबह साढ़े नौ बजे से दोपहर ढाई बजे तक आपूर्ति बंद रही। मियां कालोनी, टीचर्स कालोनी, नवाबपुरा, दीवान का बाजार, केपिटेल रोड आदि इलाकों में बिजली किल्लत हुई। मौसम ठीक होने के साथ ही आपूर्ति सुचारू हो गई। अधिशासी अभियंता शैलेंद्र कुमार ने बताया कि फाल्ट नहीं हुए हैं। कई जगह पेड़ की टहनियाें की वजह से आपूर्ति बंद की गई थी।