Moradabad Weather : जिले में आज हो सकती है बारिश, कल से साफ रहेगा मौसम, किसान परेशान
Moradabad Weather मौसम विशेषज्ञों की मानें तो शनिवार को काली घटाएं छाई रहेंगी और बारिश भी हो सकती है। 25 अप्रैल को मौसम साफ रहने की उम्मीद है। वहीं मौसम के रुख से किसानों की परेशानी बढ़ गई है।
मुरादाबाद, जेएनएन। शुक्रवार को मौसम खराब हो गया। दिन भर बादलों में घटाएं छाई रहीं। तेज ठंडी हवाएं चलीं। शाम को करीब आठ बजे धूल भरी आंधी भी आई। जिससे सड़क पर लोगों को दिक्कत हुई। बाहर निकलने पर ठंड का अहसास भी हुआ। जिससे बुर्जुग व बच्चों को फुल आस्तीन के पकड़े पहनने प़ड़े। तापमान एक दिन पहले तक 35 के आसपास था लेकिन, शु्क्रवार को अधिकतम 29 डिग्री और न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। ठंडी हवाएं चलने से बारिश का मौसम शाम तक बना रहा। मौसम विशेषज्ञों की मानें तो शनिवार को काली घटाएं छाई रहेंगी और बारिश भी हो सकती है। 25 अप्रैल को मौसम साफ रहने की उम्मीद है।
बादल छाए रहने से किसानों की चिंता बढ़ गई है। खेतों में गेहूं की फसल की कटाई व गहाई चल रही है। जिससे दिन में बादल छाए रहने से किसान कभी आसमान की ओर तो कभी गेहूं की फसल की ओर देखते रहे। मौसम विभाग की मानें तो अप्रैल में अभी आंधी और बारिश की सम्भावना है। शुक्रवार को कांठ रोड, दिल्ली रोड पर धूल भरी आंधी के कारण कई वाहन सवार जहां-तहां रुक गए। बिजली ने भी दिन भर आंख मिचौनी खेली। तेज हवा के कारण बिजली आती-जाती रही।