विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मुरादाबाद में तीन बूथों पर एक ही 'संजय कुमार', दो पर 'विश्वास नारंग'; SIR के बाद भी मिलीं खामियां

Published: Wed, 21 Oct 2026 09:21 AM (IST)

मुरादाबाद की मतदाता सूची में एक ही व्यक्ति के नाम कई बूथों पर दर्ज होने के मामले सामने आए हैं।

SIR के बाद भी मिलीं खामियां।

SIR के बाद भी मिलीं खामियां।

HighLights

  1. मुरादाबाद मतदाता सूची में कई डुप्लीकेट नाम मिले।

  2. एक मतदाता का नाम तीन बूथों पर दर्ज पाया गया।

  3. प्रशासन डुप्लीकेट नामों को हटाने की कार्रवाई कर रहा।

मोहसिन पाशा, मुरादाबाद। 28-नगर विधानसभा क्षेत्र में मतदाता सूची को लेकर समाजवादी पार्टी के आरोपों के बीच जागरण की पड़ताल में एक ही मतदाता के नाम दो-दो और तीन-तीन बूथों पर दर्ज होने के मामले सामने आए हालांकि जिन लोगों के नाम कई-कई बार दर्ज हैं, उनके किसी को जिताने व हराने के लिए ऐसा किए जाने की पुष्टि नहीं हुई है।

इनमें एक मतदाता पीतल फर्म में नौकरी करते हैं। दूसरे कारोबारी हैं। दोनों का कहना है कि गलती से मतदाता सूची में नाम दर्ज हो गए होंगे। प्रशासन भी इसे लेकर गंभीर है। डुप्लीकेट नाम होने की शिकायत पर उन्हें हटवाने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। जिन लोगों के नाम एसआइआर के दौरान मतदाता सूची से हटाए गए थे, उनका सत्यापन कराया जा रहा है।

समाजवादी पार्टी की तरफ से चुनाव आयोग को शिकायत करके आरोप लगाया गया था कि भाजपा ने अपना प्रत्याशी 2027 के चुनाव में जितवाने के लिए 8,373 वोट बढ़वा लिए हैं। एसआइआर से पहले नगर विधानसभा क्षेत्र में 5,43,815 मतदाता थे। प्रारंभिक चरण में 1,12,338 नाम हटाए गए और फार्म-6 के 43,075 आवेदन स्वीकृत होने के बाद नए मतदाता जुड़े।

अंतिम सूची में कुल मतदाता 4,71,327 हो गए थे। कुछ वोट आनलाइन आवेदन से बढ़ने के बाद वर्तमान में मतदाताओं की संख्या 4,74,970 हो गई है, यानी पहले के मुकाबले मतदाताओं की संख्या घटी है।

इसके बावजूद अलग-अलग बूथों पर एक ही व्यक्ति के नाम दर्ज मिलने से मतदाता सूची की शुद्धता पर सवाल उठे हैं। वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में भाजपा के रितेश कुमार गुप्ता 782 मतों से जीते थे। उन्हें 1,48,384 और सपा के यूसुफ अंसारी को 1,47,602 वोट मिले थे। सपा का आरोप है कि नगर विधानसभा क्षेत्र में वोट बढ़वाए गए है।

जागरण की पड़ताल में शहर के आंबेडकर नगर निवासी संजय कुमार का नाम तीन बूथों पर दर्ज मिला। बीएलओ ने बताया कि संजय कुमार की एक डुप्लीकेट प्रविष्टि हटाई जा चुकी है। एक अभी बची है। आदर्श नगर निवासी विश्वास नारंग का नाम भी दो बूथों की सूची में मिला। उन्होंने बताया कि पहचान पत्र खोने के बाद पत्नी का वोट बनवाते समय अपना आवेदन भी कर दिया था, जिससे उनका नाम दोनों जगह दर्ज हो गया।

नाम न छापने की शर्त पर एक बीएलओ ने बताया कि पुनरीक्षण अभियान के दौरान काम का दबाव अधिक होने से कुछ त्रुटियां रह गईं। एक अन्य बीएलओ ने बूथों का क्रमांक बदलने के कारण भी गड़बड़ी होने की बात कही। बताया कि अब सूची में सुधार किया जा रहा है। शिकायत में तीसरा नाम संगीता का है। इनका नाम श्री रामचंद शर्मा इंटर कालेज के दो बूथों पर दर्ज है। बीएलओ ने इस संबंध में जानकारी होने से ही इन्कार कर दिया। सुपरवाइजर ने कहा कि गोपनीय जानकारी हम किसी को नहीं दे सकते हैं।

केस-एक:

एक नाम, तीन बूथों में से एक डुप्लीकेट वोट कटा

शहर की दस सराय पुलिस चौकी के पीछे स्थित आंबेडकर नगर निवासी संजय कुमार का नाम बूथ संख्या 240 और 256 की मतदाता सूची में तीन बार दर्ज हो गया था। वह एक निर्यात फर्म में काम करते हैं। बूथ 240 के बीएलओ हिमांशु यादव ने बताया कि संजय ने एसआइआर के दौरान स्वयं प्रपत्र जमा किए थे। बूथ 256 के बीएलओ भरत सिंह के मुताबिक इस क्षेत्र में अल्पसंख्यक समाज के लोग ही रहते हैं। कोई दूसरे धर्म का व्यक्ति नहीं रहता है। हमारे बूथ पर संजय कुमार के दो नाम दर्ज थे, जिनमें से एक डुप्लीकेट प्रविष्टि हटा दी गई। संजय ने भी दूसरे नाम की जानकारी होने और उसे कटवाने की बात कही है।

केस नंबर 2-

पहचान पत्र खोया, दोनों बूथों पर दर्ज हो गया नाम

ईदगाह के सामने स्थित आदर्श नगर निवासी कारोबारी विश्वास नारंग का नाम बूथ संख्या 180 और 181 की मतदाता सूची में दर्ज मिला। दोनों प्रविष्टियों में पिता का नाम संदीप नारंग, मकान संख्या 112 और उम्र 33 वर्ष दर्ज है।

विश्वास ने बताया कि करीब दो साल पहले उनका पहचान पत्र खो गया था। पत्नी का वोट बनवाने के लिए उन्होंने अपना आवेदन भी ऑनलाइन कर दिया था। इससे उनका नाम दोनों बूथों पर दर्ज हो गया। उन्होंने बताया कि दोनों जगह मतदान नहीं किया है और 24 अक्टूबर को विशेष पुनरीक्षण अभियान के दौरान एक प्रविष्टि हटवाने के लिए आवेदन करेंगे।

मतदाता सूची में दो जगह दर्ज कुछ लोगों के नाम हटाए गए हैं। शिकायत मिलने पर अन्य डुप्लीकेट नामों की भी जांच करके हटाया जाएगा। एसआइआर में हटाए गए नामों का सत्यापन कराया जा रहा है। जानकारी सही मिलने पर पात्र मतदाताओं के नाम दोबारा जोड़े जाएंगे।
प्रफुल्ल कुमार त्रिपाठी, उप जिला निर्वाचन अधिकारी