विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 29, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Moradabad के विशाल हत्याकांड के दो आरोपित मुठभेड़ में गिरफ्तार, दोनों पर था 50-50 हजार रुपये का इनाम

By Samanvay PandeyEdited By:
Published: Tue, 29 Nov 2022 11:16 AM (IST)Updated: Tue, 29 Nov 2022 01:11 PM (IST)

Moradabad Vishal Murder Case मुरादाबाद के ठाकुरद्वारा में 27 नवंबर को बजरंग दल के नेता विशाल वाल्मीकी की गोली मारकर ...और पढ़ें

Moradabad Vishal Murder Case : पुलिस मुठभेड़ में घायल बदमाश बिलाल और सिपाही। जागरण
Moradabad Vishal Murder Case : पुलिस मुठभेड़ में घायल बदमाश बिलाल और सिपाही। जागरण

जागरण संवाददाता, मुरादाबाद। Moradabad Vishal Murder Case : मुरादाबाद के ठाकुरद्वारा में 27 नवंबर को बजरंग दल के नेता विशाल वाल्मीकी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मामले में दो दिन बाद ही मंगलवार को पुलिस ने मुठभेड़ में हत्याकांड के दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया।

गुप्त सूचना पर पुलिस ने दोनों हत्यारोपितों को घेरा

पुलिस ने मंगलवार सुबह करीब नौ बजे गुप्त सूचना के आधार पर भोजपुर थाना क्षेत्र के ढेला नदी के किनारे बिलाल और अतुल को घेर लिया। बदमाश फायरिंग करते हुए भागने की फिराक में थे लेकिन, पुलिस की जवाबी कार्रवाई से दोनों बच नहीं पाए।मुठभेड़ में दो गोली बिलाल के पैर में, जबकि एक गोली अतुल शर्मा के पैर में लगी। गोली लगने के बाद दोनों घायल होकर गिर पड़े। इस पर पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया।

बिलाल के पैर में दो गोली लगी

दोनों घायल बदमाशों को पुलिस ने भोजपुर सीएचसी में भर्ती कराया गया है। एसएसपी हेमराज मीना, एसपी संदीप कुमार मीना घायलों के देखने के लिए भोजपुर सीएचसी पहुंंचे। मुठभेड़ में एक दारोगा सोहनपाल भी घायल हुए हैं। उन्हें भी सीएचसी भोजपुर में भर्ती कराया गया है।

विशाल ब्याज पर रुपये देने का करता था काम

मुरादाबाद के ठाकुरद्वारा की वाल्मीकी बस्ती निवासी मुकेश वाल्मीकी और उनकी पत्नी भोली देवी नगर पालिका में सफाई कर्मचारी के पद पर तैनात हैं। दोनों के दो बेटे विशाल वाल्मीकी उर्फ एक्कान राजकोटी व बॉबी हैं। विशाल ब्याज पर पैसे देने का काम करता था। पांच साल पहले विशाल की शादी संगीता के साथ हुई थी।

बिलाल ने फोन करके विशाल को बाहर बुलाया था

शादी के बाद वह मनिहारन मुहल्ले में नया घर बनाकर रहने लगा था। एक चार साल का बेटा शैंकी है। रविवार सुबह करीब 11 बजे विशाल क्रिकेट मैच खेलने के लिए जा रहा था। इसी दौरान उसके मोबाइल पर बिलाल का फोन आया। बिलाल ने उसे घर के बाहर मिलने के लिए बुलाया।

बिलाल ने पहली गोली पीठ में मारी, दूसरी पेट में

विशाल अपने साथ मुहल्ले के बच्चे हिमांशु को साथ लेकर परचून की दुकान की तरफ जाने लगा। वहां पर पहले से बिलाल निवासी पसियापुर खड़ा था। दोनों ने आपस में बातचीत की। इसके बाद विशाल बच्चे हिमांशु के कंधे पर रखकर वापस जाने लगा। इसी दौरान बिलाल अचानक उसके पास पहुंचा और तमंचा निकालकर पीठ पर गोली मार दी।

घायल होने के बाद विशाल ने दौड़ने का प्रयास किया, तभी बिलारी ने दोबारा से तमंचा लोड करके सीधे पेट में गोली मार दी। दो गोली मारने के बाद बिलाल मौके से भाग गया। यह पूरी घटना सीसीटीवी में रिकार्ड हुई थी। पुलिस ने इस मामले में विशाल के पिता मुकेश वाल्मीकी की तहरीर पर आरोपित बिलाल, अतुल शर्मा निवासी कमालपुरी व गोलू माफिया के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की थी।

गोलू माफिया को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है पुलिस

पुलिस ने इस मामले गोलू माफिया को पहले ही गिफ्तार कर लिया था। जबकि मंगलवार को 50-50 हज़ार के इनामी बिलाल और अतुल शर्मा को भोजपुर के ढेला नदी के किनारे घेरकर एनकाउंटर कर दिया। दोनों के पैर में गोली लगी है। एसएसपी हेमराज मीना ने बताया हत्याकांड के तीनों आरोपित पकड़े गए है। आपसी रंजिश के चलते बिलाल ने गोली मारी थी।