विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

नया मुरादाबाद में बनेगा क्लब और कन्वेंशन सेंटर, 5400 वर्ग मीटर में होगा निर्माण, निजी कंपनी को जिम्मेदारी

Published: Tue, 22 Sep 2026 10:28 AM (IST)

नया मुरादाबाद के सेक्टर-3 में 5400 वर्ग मीटर जमीन पर आधुनिक कन्वेंशन, मनोरंजन और सामुदायिक केंद्र विकसित किया जाएगा।

नया मुरादाबाद में हर्बल पार्क के सामने प्रस्तावित क्लब और कन्वेंशन सेंटर का माडल। सौ. एमडीए

नया मुरादाबाद में हर्बल पार्क के सामने प्रस्तावित क्लब और कन्वेंशन सेंटर का माडल। सौ. एमडीए

HighLights

  1. नया मुरादाबाद में 5400 वर्ग मीटर पर बनेगा आधुनिक केंद्र।

  2. एमडीए ने पीपीपी मोड पर निर्माण हेतु ईओआई जारी किया।

  3. जिम, रेस्टोरेंट, बैंक्वेट हॉल जैसी सुविधाएं होंगी उपलब्ध।

जागरण संवाददाता, मुरादाबाद। नया मुरादाबाद के सेक्टर-3 में हर्बल पार्क के सामने करीब 5400 वर्ग मीटर जमीन पर आधुनिक कन्वेंशन, मनोरंजन एवं सामुदायिक केंद्र विकसित किया जाएगा। मुरादाबाद विकास प्राधिकरण (एमडीए) ने इसके लिए एक्सप्रेशन आफ इंटरेस्ट (ईओआई) जारी कर दिया है।

डिजाइन-बिल्ड-फाइनेंस-आपरेट-ट्रांसफर (डीबीएफओटी) के तहत पीपीपी मोड पर कंपनी बनाएगी। इस क्लब में जिम, रेस्टोरेंट, कैफे, बैंक्वेट हाल, कांफ्रेंस, मीटिंग, इनडोर खेल, फिटनेस व वेलनेस सेंटर, आउट डोर कार्यक्रम स्थल, बिजनेस लाउंज, स्मार्ट बिल्डिंग प्रबंधन प्रणाली प्रस्तावित है।

लोगों को मिलेंगी विभिन्न सुविधाएं

जो ईओआई जारी की गई है, उसमें कंपनियां अपने अनुभव के आधार पर लोगों की जरूरत के अनुसार अतिरिक्त सुविधाओं का सुझाव भी दे सकेंगी। इससे शहर के लोगों को सम्मेलन, प्रदर्शनी, सामाजिक व सांस्कृतिक कार्यक्रम, कारपोरेट आयोजन, खेल और फिटनेस की सुविधाएं स्थानीय स्तर पर मिलेंगी। बिजनौर, अमरोहा, कांठ और आसपास के क्षेत्रों से आने वाले लोगों को भी बेहतर कनेक्टिविटी का लाभ मिलेगा।

चयनित कंपनी डिजाइन, वित्तीय व्यवस्था, निर्माण, जरूरी स्वीकृतियां, संचालन, रखरखाव, मार्केटिंग और व्यावसायिक प्रबंधन करेगी। इसके लिए कंपनी इक्विटी, ऋण या अन्य माध्यमों से धन जुटाएगी। एमडीए की ओर से वित्तीय सहायता, पूंजी योगदान या वायबिलिटी गैप फंडिंग का प्रविधान नहीं है, जब तक प्राधिकरण विशेष मंजूरी न दे।

मुख्य आकंड़े

  • 27 एकड़: सामने प्रस्तावित ईको-हर्बल पार्क
  • 30 मीटर: सामने मास्टर प्लान रोड
  • 60 मीटर: दूसरी मास्टर प्लान रोड
  • 5 वर्ष: संभावित अतिरिक्त अवधि
  • 3 करोड़ रुपये: न्यूनतम औसत सालाना टर्नओवर
  • 1 करोड़ रुपये: न्यूनतम शुद्ध संपत्ति

कंपनी सम्मेलन, प्रदर्शनी, सेमिनार, कारपोरेट व सरकारी कार्यक्रम, सदस्यता, खेल प्रशिक्षण, फिटनेस सेवाओं, रेस्टोरेंट, कैफे, बैंक्वेट, विज्ञापन, प्रायोजन और पार्किंग से आय अर्जित कर सकेगी। बदले में एमडीए को प्रीमियम, रियायत शुल्क, राजस्व हिस्सेदारी या इनके संयोजन के रूप में आय मिलेगी।

25 साल बाद एमडीए को लौटेगा

अनुबंध पर हस्ताक्षर के बाद कंपनी को 24 महीने के भीतर निर्माण पूरा कर व्यावसायिक संचालन शुरू करना होगा। संचालन की रियायत अवधि 25 वर्ष होगी, जिसे आपसी सहमति से अधिकतम पांच वर्ष तक बढ़ाया जा सकता है। अवधि समाप्त होने पर केंद्र की स्थायी परिसंपत्तियां और सुविधाएं अच्छी परिचालन स्थिति में एमडीए को हस्तांतरित करनी होंगी।

कंपनी के लिए शर्तें

ईओआई में शामिल होने वाली कंपनी के पास कन्वेंशन सेंटर, मनोरंजन सुविधा, क्लब हाउस, होटल या खेल सुविधाओं वाले रिसार्ट जैसी परियोजनाओं के विकास, संचालन और प्रबंधन का कम से कम पांच वर्ष का अनुभव होना चाहिए। पिछले तीन वित्तीय वर्षों में औसत सालाना टर्नओवर कम से कम तीन करोड़ रुपये और पिछले आडिट वर्ष में शुद्ध संपत्ति कम से कम एक करोड़ रुपये होनी चाहिए।

वैध जीएसटी, पैन और गैर-ब्लैकलिस्ट होने की शर्त भी रखी गई है। इमें प्री-बिड बैठक 23 सितंबर को होगी। प्रस्ताव 29 सितंबर तक ई-बिड पोर्टल पर जमा किए जा सकेंगे और 30 सितंबर को दोपहर 12 बजे खोले जाएंगे। यह चरण कंपनियों को शार्टलिस्ट करने के लिए है।

कंपनियों से ईओआई के जरिए सुझाव मांगे गए हैं। माडल तैयार किया जा चुका है। लेकिन, डीपीआर तभी बनेगी जब पीपीपी मोड पर कंपनी को यह कार्य मिलेगा।

-अनुभव सिंह, उपाध्यक्ष, एमडीए

यह भी पढ़ें- कौन हैं IAS अनुनय झा ? जिन्हें बनाया मुरादाबाद का नया डीएम, राजेंद्र पैंसिया का चार माह में तबादला

यह भी पढ़ें- नीदरलैंड से खुलेगा एक्सपोर्ट का नया रास्ता, वेयरहाउस से चमकेगी मुरादाबाद के पीतल की चमक