शहीद एक्सप्रेस में अग्निकांड का आरोपित गिरफ्तार, भेजा गया जेल; बैग में मिला था गंधक-पोटाश
शहीद एक्सप्रेस के एस-6 कोच में आग लगने के मामले में आरपीएफ ने आरोपित दीपक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। दीपक के बैग से गंधक-पोटाश मिला था।
-1792939491201_m.webp)
शहीद एक्सप्रेस में अग्निकांड का आरोपित गिरफ्तार।
HighLights
शहीद एक्सप्रेस के एस-6 कोच में लगी थी आग।
आरपीएफ ने आरोपित दीपक को गिरफ्तार कर जेल भेजा।
दीपक के बैग में मिला था अवैध गंधक-पोटाश।
जागरण संवाददाता, मुरादाबाद। शहीद एक्सप्रेस के एस-6 कोच में आग लगने के मामले में आरपीएफ ने आरोपित दीपक को गिरफ्तार कर रविवार सुबह जेल भेज दिया। घटना के बाद मुरादाबाद आरपीएफ ने उसे मुचलके पर छोड़ दिया था, लेकिन जांच के दौरान उसे दोबारा हिरासत में लेने की कार्रवाई की गई।
लखनऊ आरपीएफ की मदद से ट्रेन से उतारे गए दीपक को शनिवार रात मुरादाबाद लाया गया। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। अब आरोपित रेलवे मजिस्ट्रेट कोर्ट में अपना पक्ष रखेगा।
शुक्रवार रात तीन दिन पहले करीब 11:15 बजे लक्सर की दिशा से मुरादाबाद आ रही शहीद एक्सप्रेस के स्लीपर कोच एस-6 में नगीना के पास आग लग गई थी। कोच में सीट संख्या 66 और 67 के पास रखे बैग से धुआं उठने लगा। देखते ही देखते आग फैलने से बर्थ भी जल गई थी।
यात्रियों में अफरातफरी मच गई और करीब 80 यात्री कोच से नीचे उतर गए। ट्रेन में मौजूद अग्निशमन यंत्रों की मदद से आग पर काबू पाया गया। इसके बाद ट्रेन को आगे रवाना किया गया। घटना के बाद मुरादाबाद रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ ने कोच की जांच की तो जले हुए बैग में पोटाश और बच्चों वाली खिलौनानुमा गन मिली थी। इसके बाद मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की गई।
कोच के बिजली के तार और चार्जिंग प्वाइंट की जांच में भी सब ठीक मिला था। इससे बैग में रखे ज्वलनशील पदार्थ से आग लगने की आशंका सामने आई। दीपक अपनी पत्नी और बच्चों के साथ यात्रा कर रहा था। वह कुशीनगर जिले का निवासी है और हरियाणा के गोविंदगंज से गोरखपुर जा रहा था। बताया गया कि वह खेतों में जानवरों को भगाने के लिए गंधक-पोटाश अवैध रूप से ले जा रहा था।
शहीद एक्सप्रेस के एस-6 कोच में आग लगने के मामले में आरोपित को आरपीएफ ने गिरफ्तार कर लिया है। अब वह रेलवे मजिस्ट्रेट कोर्ट में अपना पक्ष रखेगा। रेलवे ही तय जुर्माना तय करेगा। रेलवे का नुकसान नहीं हुआ है। मामूली सी सीट जली थी। -महेश यादव, सीनियर डीसीएम।
