Moradabad Panchayat Election 2021 : पर्चा निरस्त किए जाने के विरोध में सीडीओ से मिले सपा कार्यकर्ता
सपा विधायक की चाची और बहन का पर्चा निरस्त होने के विरोध में सपाइयों ने मुख्य विकास अधिकारी आनंद वर्धन से मुलाकात की। उनका कहना था कि अफरोज खानम मुहम्मद उस्मान की पत्नी है। निर्वाचन अधिकारी ने उनकी पुत्री दर्शाकर पर्चा खारिज कर दिया।
मुरादाबाद। सपा विधायक की चाची और बहन का पर्चा निरस्त होने के विरोध में सपाइयों ने मुख्य विकास अधिकारी आनंद वर्धन से मुलाकात की। उनका कहना था कि अफरोज खानम मुहम्मद उस्मान की पत्नी है। निर्वाचन अधिकारी ने उनकी पुत्री दर्शाकर पर्चा खारिज कर दिया। मुहम्मद उस्मान की बेटी का पर्चा भी गलत तरीके से खारिज हुआ है। उनके पास पिछड़ी जाति का प्रमाण पत्र है।
दोनों ने वार्ड 27 से पर्चा दाखिल किया था। इसी तरह वार्ड एक से सपा के उम्मीदवार मुहम्मद इल्यिास का पर्चा खारिज हुआ है। सीडीओ ने मामले को दिखवाने का आश्वासन दिया है।
एडीएम ने देर शाम जारी किया संशोधित आदेश
अफरोज खानम को मुहम्मद उस्मान की पुत्री लिखकर नामांकन पत्र खारिज करने वाले आदेश को एडीएम प्रशासन सुरेंद्र सिंह ने देर रात को संशोधित करके जारी किया। नए आदेश में पुत्री के स्थान पर पत्नी लिखा गया है। बाकी सभी तर्क पुराने आदेश के ही हैं।
वार्ड-31 से विशेष कुमार को प्रत्याशी बनाया
समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष जयवीर सिंह यादव ने वार्ड-31 से विशेष कुमार चौहान निवासी मिलक मनकरा को सपा का समर्थित प्रत्याशी घोषित किया है। उनका कहना है कि हाईकमान के मशविरा लेकर प्रत्याशी की घोषणा की गई है।
वार्ड नंबर 21 से बसपा ने मुशाहिद को समर्थन दिया
चुनाव चिह्न आवंटन से पहले बहुजन समाज पार्टी में एक और टिकट में रद्दोबदल हो गया। बसपा ने जिला पंचायत सदस्य में वार्ड प्रत्याशी का टिकट काटा है। कुंदरकी में वार्ड 21 से प्रत्याशी का टिकट बदलने के पीछे एक आडियो का वायरल होना है। बसपा ने वार्ड 21 में पहले समर्थित प्रत्याशी मंगल सिंह सैनी की जगह, अब मुशाहिद चौधरी को प्रत्याशी बनाने का एलान किया। जिला पंचायत चुनाव में राजनैतिक उठापठक जारी है। बसपा ने शनिवार को दूसरे दिन एक और प्रत्याशी का टिकट काट दिया। कुंदरकी ब्लाक में वार्ड-21 में बसपा ने पहले मंगल सिंह सैनी को समर्थन प्रत्याशी बनाया था। अभी नामांकन पत्रों की जांच के बाद चुनाव चिंह का आवंटन होना है। जिलाध्यक्ष वेद प्रकाश का कहना है कि पार्टी के निर्देश पर वार्ड से नए प्रत्याशी मुशाहिद चौधरी को पार्टी का समर्थित प्रत्याशी माना गया है। मुरादाबाद मंडल के मुख्य सेक्टर प्रभारी रणविजय सिंह का कहना है कि क्षेत्र में नए समीकरण को ध्यान में रखते हुए टिकट में बदलाव किया गया है।