Moradabad Panchayat Election 2021 : किसी भी तरह की जानकारी या समस्या आने पर कंट्रोल रूम में करें कॉल, ये हैं नंबर
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को सम्पन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने कंट्रोल रूम खोल दिया है। इसका प्रभारी जिला कृषि अधिकारी ऋतुषा तिवारी को बनाया गया है। यहां से किसी भी तरह की जानकारी 24 घंटे ली जा सकती है।
मुरादाबाद, जेएनएन। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को सम्पन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने कंट्रोल रूम खोल दिया है। इसका प्रभारी जिला कृषि अधिकारी ऋतुषा तिवारी को बनाया गया है। यहां से किसी भी तरह की जानकारी 24 घंटे ली जा सकती है। यहां बैठे अधिकारी आपके हर सवाल का जवाब देंगे। किसी को कोई दिक्कत नहीं होगी।
जिला उप निर्वाचन अधिकारी प्रीति जायसवाल ने बताया कि सामान्य पंचायत चुनाव के लिए कंट्रोल रूम स्थापित हो चुका है। किसी को भी सूचना देनी है तो वह कंट्रोल रूम को सीधे बता सकता है। यह कंट्रोल 24 घंटे काम करेगा। सुबह की पाली में जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी अंजना सिरोही रहेंगी। दूसरी पाली में दोपहर दो बजे के बाद से देर शाम तक जिला कृषि अधिकारी को रहना है। किसी भी तरह की समस्या होने पर दोनों ही अधिकारी समाधान कराएंगी। यह हैं कंट्रोल रूम से नंबर 0591-2312612, 9115033887, 9454416893
सार्वजनिक अवकाश घोषित
जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह ने मतदान करने के लिए 26 अप्रैल को सार्वजनिक अवकाश घोषित किया है। कर्मचारी भी अपने वोट डाल सकेंगे। इससे पहले दो चरणों के शासन ने मतदान का प्रतिशत बढ़ाने के लिए ही व्यवस्था की है।
कोराेना गाइड लाइन का पालन होगा
मतदान के दाैरान कोरोना की गाइड लाइन का पालन होगा। इसके लिए मतदाताओं को मास्क लगाकर लाइनों में लगना है। किसी को भी बिना मास्क लगाए मतदान केंद्र में प्रवेश नहीं होने दिया जाएगा। मास्क का मतलब बाजार वाले से ही नहीं है। ग्रामीण अपने अंगोछे को भी मास्क के तौर पर इस्तेमाल कर सकते हैं। रूमाल भी मुंह से बांधा जा सकता है। शारीरिक दूरी बनाकर कतारों में खड़ा होना होगा। कर्मचारियों के लिए सैनिटाइज करने की व्यवस्था होगी। मोहर लगाने के बाद मतदाताओं को भी अपने हाथ सैनिटाइज करने होंगे।