UP News: पीआरवी के बोनट पर बैठ नशेबाजों ने बनवाया वीडियो, पुलिस कर्मी बने रहे तमाशबीन
करीब डेढ़ माह पहले नशे में धुत दो युवकों ने सरेराह पीआरवी के बोनट में बैठकर हंगामा किया। इसका वीडियो बनाया और अब यह वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर कर दिया। पुलिस ने इस मामले में शांतिभंग में चालान करके दोनों को छोड़ दिया था।
जागरण संवाददाता, मुरादाबाद : करीब डेढ़ माह पहले नशे में धुत दो युवकों ने सरेराह पीआरवी के बोनट में बैठकर हंगामा किया। नशेड़ियों की इस हरकत का वीडियो बनाया जा रहा था। वहीं पीआरवी में सवार पुलिस कर्मी तमाशबीन बनकर चल रहे थे। शहर के गलशहीद थाना क्षेत्र में बीते 10 फरवरी को यह घटना हुई थी।
दोनो आरोपित गिरफ्तार
इस घटना की वीडियो रील लगभग सवा माह बाद इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित कर दिया गया। घटना का शासन स्तर पर संज्ञान लिया गया। जिसके बाद हेड कांस्टेबिल की तहरीर पर दोनों आरोपित युवकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया। एसएसपी ने इस मामले में एसपी यातायात को विभागीय जांच कर रिपोर्ट देने के आदेश दिए हैं।
पीआरवी की गाड़ी पर नशेबाजों ने बनाया वीडियो
डायल 112 के प्रभारी निरीक्षक ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह धोनी ने बताया कि बीते 10 फरवरी 2023 को पीआरवी 0261 के बोनट पर नशे में धुत दो युवक आकर बैठ गए थे। इसी दौरान उनका किसी ने मोबाइल फोन से वीडियो बना लिया था। उस दिन पीआरवी 0261 पर मुख्य आरक्षी मदनपाल सिंह व आरक्षी प्रवीण कुमार की तैनात थे।
नशे में थे दोनो युवक
मुख्य आरक्षी ने बताया कि 10 फरवरी को उनकी ड्यूटी गलशहीद थाना क्षेत्र स्थित डबल फाटक चौराहे पर थी। पीआरवी लेकर वह चौराहे पर मौजूद थे। तभी अचानक नशे में धुत दो युवक पीआरवी के बोनट पर बैठ गए। उन्होंने पीआरवी वाहन को नहीं रोका। पीआरवी के आसपास भारी भीड़ भी हो गई थी। जब दोनों को बोनट से उतारने का प्रयास किया गया, तो मारपीट करने लगे। इसके बाद दोनों को थाने भेजा गया था।
पुलिस ने शांतिभंग में किया चालान
पुलिस ने इस मामले में शांतिभंग में चालान करके दोनों को छोड़ दिया था। बुधवार को सुबह जब इंटरनेट में यह वीडियो प्रसारित हुआ तो मामले की छानबीन शुरू हुई। इस मामले में यातायात निदेशालय के एडीजी ने कार्रवाई के आदेश दिए। जिसके बाद पीआरवी के मुख्य आरक्षी मदनपाल सिंह की तहरीर के आधार पर गलशहीद पुलिस ने आरोपित सलमान उर्फ नन्हे व मेहराज खां निवासी ईदगाह गलशहीद के प्राथमिकी दर्ज करने की कार्रवाई की।
एसएसपी ने दिया कार्रवाई के आदेश
एसएसपी, हेमराज मीना ने बताया- इंटरनेट मीडिया में पीआरवी के बोनट पर बैठकर नशे में धुत दो युवकों का वीडियो वायरल हुआ था। मामला संज्ञान में आने के बाद कार्रवाई के आदेश दिए गए थे। गलशहीद थाना पुलिस ने दोनों आरोपितों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने के साथ ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया है।