यूपी में फिर चला बुलडोजर: पुलिस पर हमला करने वाले जिला पंचायत सदस्य का स्कूल ध्वस्त, स्टे का दावा भी नहीं आया काम
पुलिस टीम पर हमले के आरोपित जिला पंचायत सदस्य मोहम्मद शमी उर्फ शंभू के मूंढापांडे स्थित स्कूल पर बुलडोजर चला। ...और पढ़ें

अवैध निर्माण पर चलता बुलडोजर
HighLights
114 वर्ग मीटर सरकारी जमीन पर कब्जा कर करा रखा था निर्माण
संवाद सूत्र, मूंढापांडे (मुरादाबाद)। पुलिस टीम पर हमले के आरोपित जिला पंचायत सदस्य मोहम्मद शमी उर्फ शंभू के मूंढापांडे स्थित स्कूल पर गुरुवार को बुलडोजर चला। आरोपित ने 114 वर्ग मीटर सरकारी जमीन पर अवैध रूप से बाउंड़ीवाल कर शौचालय व गेट का निर्माण करा रखा था। राजस्व की टीम ने पुलिस ने मौजूदगी में बुलडोजर (बैकहो लोडर) चलाकर अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया।
जिला पंचायत सदस्य मोहम्मद शमी उर्फ शंभू दो माह पूर्व उस वक्त चर्चा में आया था जब उसके भाई राशिद की तलाश में गाजियाबाद पुलिस ने दबिश दी थी। साइबर ठगी के 50 लाख रुपये राशिद के खाते में पहुंचे थे। संबंध में पुलिस ने नोटिस जारी कर उससे जवाब मांगा था। जवाब ना देने पर पुलिस ने उसे मुकदमे में वांछित किया और दबिश दी।
तभी राशिद ने भाई शंभू व अन्य के साथ मिलकर पुलिस टीम पर हमला कर दिया और भाग गया। मामले में गाजियाबाद पुलिस ने आरोपितों पर मुकदमा दर्ज कराया। बाद में मूंढापांडे पुलिस ने भी आरोपितों पर एक और मुकदमा दर्ज किया। आरोपित जिला पंचायत सदस्य को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया।
वर्तमान में वह जमानत पर बाहर है। गुरुवार की शाम राजस्व विभाग की टीम जिला पंचायत सदस्य के एमजेपी इंटर कालेज पर पहुंची। ग्राम समाज की भूमि पर हुए निर्माण पर बुलडोजर की कार्रवाई शुरू की। जिसका विरोध जिपं सदस्य के परिजनों ने यह कहते हुए किया कि मामला हाईकोर्ट में विचाराधीन है। हमें दस दिन का समय दे दो। स्कूल प्रबंधक शमी भी पहुंचा।
मजिस्ट्रेट अनिल कुमार मिश्रा से कहा कि मेरे पास न्यायालय से दस दिन का स्टे है। उसकी कापी जिलाधिकारी एवं कमिश्नर भेज रखी है। राजस्व टीम ने कार्रवाई नहीं रोकी और स्कूल में बने बालक बालिकाओं के शौचालय और स्कूल का गेट भी तोड़ दिया।
मजिस्ट्रेट अनिल कुमार मिश्रा ने बताया कि ग्राम समाज की 114 वर्ग मीटर भूमि पर जिला पंचायत सदस्य ने अवैध कब्जा कर निर्माण करा रखा था जिस पर बुल्डोजर कार्रवाई करते हुए खाली करा दिया गया है। मूंढापांडे इंस्पेक्टर मोहित चौधरी ने बताया कि आरोपित शंभू वर्तमान में जमानत पर बाहर है। उसके भाई राशिद की तलाश में टीमें लगीं हैं।
