मुरादाबाद के ग्रामीणों की खुली किस्मत: 11 करोड़ से चकाचक होंगी 7 सड़कें, देखें अपने गांव का नाम
मुरादाबाद के कुंदरकी और हसनपुर क्षेत्रों में मुख्यमंत्री ग्राम योजना के तहत 11 करोड़ रुपये की लागत से सात ग्रामीण ...और पढ़ें

मुरादाबाद के ग्रामीण क्षेत्र में बदहाल सड़क
HighLights
उदयपुर चंदन में जूनियर हाईस्कूल से बसेरा खास तक बनेगा मार्ग
जागरण संवाददाता, मुरादाबाद। गांवों की बदहाल और अधूरी राहों को अब नई मंजिल मिलने वाली है। मुख्यमंत्री ग्राम योजना के तहत कुंदरकी क्षेत्र में सात ग्रामीण मार्गों के निर्माण को शासन ने हरी झंडी दे दी है। इन सड़कों के निर्माण पर करीब 11 करोड़ रुपये खर्च होंगे। सड़कें बनते ही दर्जनों गांवों के लोगों का मुख्य मार्गों तक पहुंचना आसान होगा और बरसात में कीचड़ व जलभराव से जूझने वाले ग्रामीणों को भी राहत मिलने की उम्मीद है।
24 अगस्त को लोक निर्माण विभाग के अनुभाग-9 की ओर से जारी शासनादेश में प्रदेश के 637 नए सड़क कार्यों के लिए 1011.37 करोड़ रुपये की प्रशासकीय एवं वित्तीय स्वीकृति दी गई है। पहली किश्त के रूप में 341.48 करोड़ रुपये भी जारी किए गए हैं।
इसी सूची में मुरादाबाद के कुंदरकी और हसनपुर क्षेत्र के कई ग्रामीण मार्ग शामिल हैं। कुंदरकी क्षेत्र में पौंडा मुस्तकम से मिलक गोसाईवाली संपर्क मार्ग का 1.15 किलोमीटर निर्माण 131.10 लाख रुपये में होगा।
हसनगंज से मुड़िया भायपुर संपर्क मार्ग पर 1.20 किलोमीटर सड़क के लिए 160.54 लाख रुपये स्वीकृत हुए हैं। इसी तरह दलपतपुर में एसएच-24 से मंगल बाजार होते हुए दलपतपुर-अलीगंज मार्ग तक एक किलोमीटर सड़क के निर्माण पर 148.88 लाख रुपये खर्च होंगे।चंदौसी मार्ग नर्सरी के पास से नूरपुर की मिलक तक 1.10 किलोमीटर सड़क के लिए 160.26 लाख रुपये मंजूर हुए हैं।
उदयपुर चंदन में जूनियर हाईस्कूल से बसेरा खास पीडब्ल्यूडी रोड तक सड़क निर्माण पर 174.56 लाख रुपये और नानपुर में भूकन के घर से कुंदरकी-बिलारी सड़क तक एक किलोमीटर मार्ग पर 183.15 लाख रुपये खर्च होंगे।
जैतिया सादुल्लापुर मोड़ से खरगपुर बाजे, कुली वाली मिलक होते हुए हृदयपुर सिकंदरपुर पट्टी मार्ग तक 1.11 किलोमीटर सड़क के लिए 159.86 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। शासनादेश में हसनपुर क्षेत्र के ग्रामीण मार्गों के लिए भी करोड़ों रुपये मंजूर किए गए हैं।
अगरौला कलां तिराहे से पतलेपुर, सोहरका से अलीपुर मिलक, अलीपुर खादर से रखेड़ा, लिगरिया नादिर शाह-सिकंदराबाद, शहाबाजपुर डोला से पीतमपुरा, शहाबाजपुर डोला से खरगरानी और राजपुर मंदिर से भटौला मार्ग के निर्माण को स्वीकृति मिली है।
लोक निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता कमला शंकर ने बताया कि मार्गों के बनने से गांवों की मुख्य सड़कों से कनेक्टिविटी मजबूत होगी। खासकर किसानों को मंडी और ग्रामीणों को बाजार, स्कूल, अस्पताल तथा तहसील मुख्यालय तक पहुंचने में सहूलियत मिलने की उम्मीद है। अब निगाहें इस बात पर हैं कि स्वीकृति के बाद निर्माण कार्य जमीन पर कितनी तेजी से शुरू होता है।
