विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यूपी में खौफनाक वारदात: बिजली चोरी पकड़ने गई टीम पर हमला, JE को बंधक बनाकर बेरहमी से पीटा

Published: Sat, 04 Jul 2026 05:04 PM (IST)

बिजली चोरी की शिकायत की जांच करने कुंदरकी पहुंची बिजली विभाग की टीम पर दबंगों ने हमला कर दिया और ...और पढ़ें

इसी बिजली टीम पर किया गया हमला। जागरण

इसी बिजली टीम पर किया गया हमला। जागरण

HighLights

  1. घटनाक्रम की इंटरनेट मीडिया पर वीडियो प्रसारित

संवाद सूत्र, कुंदरकी (मुरादाबाद)। बिजली चोरी की शिकायत की जांच करने पहुंची बिजली विभाग की टीम पर शुक्रवार शाम दबंगों ने हमला बोल दिया। बिजली चोरी उजागर होते ही आरोपित उग्र हो गए और जेई समेत पूरी टीम को बंधक बनाकर उनकी पिटाई की गई। सूचना पर पीआरवी पुलिस मौके पर पहुंची, जिसके बाद कर्मचारियों की जान बच सकी।

घटना का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहा है। वीडियो प्रसारित होने के बाद पुलिस हरकत में आ गई। आरोपितों की धड़पकड़ शुरू कर दी है।

जेई जयवीर सिंह के अनुसार, बिजली मित्र पोर्टल पर दर्ज शिकायत की जांच के लिए वह अपनी टीम के साथ पैठ बाजार स्थित मीनार मस्जिद के पास पहुंचे थे। टीम में बिजलीकर्मी फैजी, मुजाहिद, मुजम्मिल और नईम शामिल थे। जांच के दौरान यूसुफ और भूरा के यहां बिजली चोरी पकड़ी गई।

आरोप है कि इसी बात से नाराज होकर आरोपितों ने अपने साथियों के साथ मिलकर बिजली विभाग की टीम को घेर लिया और सरकारी कार्रवाई का विरोध करते हुए बंधक बना लिया। हमलावरों ने कर्मचारियों के साथ मारपीट की, जिसमें मुजाहिद और मुजम्मिल को चोटें आईं।

इतना ही नहीं, सरकारी कार्य में बाधा डालते हुए टीम को काफी देर तक बंधक बनाए रखा। हालात बिगड़ने पर सूचना पुलिस को दी गई। पीआरवी के मौके पर पहुंचने के बाद किसी तरह कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। घटना का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर तेजी से प्रसारित होने के बाद प्रशासनिक महकमे में भी हलचल मच गई है।

जेई जयवीर सिंह ने आरोपितों के खिलाफ पुलिस को शिकायती पत्र दिया है। थाना प्रभारी हम्बीर सिंह ने बताया कि पुलिस प्रसारित वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपितों की पहचान कर रही है। जांच के बाद दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें- मुरादाबाद BJP में मची रार! होर्डिंग से गायब की प्रदेश उपाध्यक्ष की फोटो, 'सफेद कागज' ने खोली गुटबाजी की पोल