मुरादाबाद: ओवरहेड टैंक के लिए खोदे गड्ढे में बच्चे की मौत मामले में कार्रवाई, जेई और ठेकेदार पर मुकदमा
मुरादाबाद के भोजपुर में ओवरहेड टैंक के लिए खोदे गए गड्ढे में डूबकर चार साल के बच्चे मोहम्मद अजान की ...और पढ़ें

इस फोटो को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।
HighLights
चार वर्षीय मोहम्मद अजान की गड्ढे में डूबने से मौत हुई।
जल निगम के जेई और ठेकेदार पर लापरवाही का मुकदमा दर्ज।
निर्माणाधीन ओवरहेड टैंक का गड्ढा खुला और असुरक्षित छोड़ा गया था।
जागरण संवाददाता, मुरादाबाद। ओवरहेड टैंक के लिए खोदे गड्ढे में डूबकर बच्चे की मौत मामले में जल निगम के अवर अभियंता (जेई) संजीव कुमार व ठेकेदार राजेश पटेल के विरुद्ध भोजपुर थाने में प्राथमिकी लिखी गई है।
आरोपितों के विरुद्ध लापरवाही या उपेक्षापूर्ण कार्य द्वारा किसी व्यक्ति की मृत्यु कारित करने (लापरवाही से मौत) की धारा में प्राथमिकी लिखी गई है। संबंधित धारा में दोषी को पांच साल की कैद और जुर्माने का प्राविधान है। आरोपित जेई संजीव कुमार अमरोहा के मीरपुर माफी गांव का निवासी है।
भोजपुर के गांव गौदी हमीरपुर निवासी ट्रक ड्राइवर नशरत को बेटा मोहम्मद अजान बुधवार को घर के पास ही खेल रहा था। खेलते-खेलते वह पास में ही स्थित ओवरहेड टैंक के पास पहुंच गया। यहां पानी भरे गड्ढे के पास उसका पैर फिसला और वह उसमें गिर गया। जब वह करीब एक घंटे तक घर नहीं पहुंचा तो उसकी तलाश शुरू हुई।
काफी तलाश के बाद स्वजन उसे खोजते हुए गड्ढे तक पहुंचे। गड्ढे से अजान का शव बरामद हुआ। घटना के बाद पता चला कि गांव में वर्ष 2024 में जल जीवन मिशन योजना के तहत ओवरहेड टैंक बनाने का काम शुरू हुआ था। 18 माह में ओवरहेड टैंक का निर्माण कार्य पूरा हो जाना चाहिए था।
निर्माण कार्य के लिए करीब आठ फीट गहरा एक गड्ढा खोदा गया था। निर्माण किया गया मगर, खोदे गए गड्ढे को पाटा नहीं गया। करीब पांच माह से काम भी बंद है। बरसात में गड्ढे में पानी भर गया और मासूम जान गवां बैठा।
मासूम के दादा हसरत ने भोजपुर पुलिस को शिकायती पत्र दिया जिसमें बताया कि पानी की टंकी के नीचे काफी मात्रा में पानी भरा हुआ है जिसमें पोता फिसलकर गिर गया और उसकी मौत हो गई। हैरानी यह कि बावजूद जल निगम के अधिशासी अभियंता विनय कुमार ने तर्क दिया कि मासूम की मौत पानी के टंकी के गड्ढे में डूबकर नहीं हुई।
टंकी के पास में किसी दूसरे गड्ढे में हुई जबकि सचिव राहुल कुमार व एसपी देहात कुंवर आकाश सिंह ने भी ओवरहेड टैंक के लिए खोदे गए गड्ढे में मासूम की मौत की पुष्टि की। इसी के बाद जल निगम के जेई संजीव कुमार और ठेकेदार राजेश पटेल के विरुद्ध शिकंजा कस गया।
लापरवाही के चलते मासूम की मौत पर डीएम डॉ. राजेन्द्र पैंसिया ने अफसरों को कार्रवाई के निर्देश दिये। जिसके बाद गुरुवार को लेखपाल स्वाती शर्मा ने भोजपुर पुलिस को दिये शिकायती पत्र में बताया कि गांव में बनी पानी की टंकी निर्माणाधीन है। जिसके चारों तरफ गड्ढे खोदकर मिट्टी निकाल दी गई।
गड्ढे के चारों तरफ से सुरक्षा की दृष्टि से घेराबंदी करना था, जो नहीं की गई। जिसमें जिस कारण गड्ढे में बरसात का पानी भर गया और चार वर्ष के बच्चे मोहम्मद अजान की उसमें डूबकर मौत हो गई। बच्चे की मृत्यु जेई व ठेकेदार की लापरवाही व उपेक्षापूर्ण कार्य के कारण हुई।
सभी को पहले से ही स्पष्ट निर्देश है कि निर्माण कार्य के दौरान खोदे गए गड्ढे या सुरक्षा से जुड़े सभी पहलुओं का शत-प्रतिशत पालन किया जाए। बावजूद लापरवाही बरती गई जिससे एक मासूम की जान चली गई। ऐसी लापरवाही अक्षम्य है, इसलिए जिम्मेदार जेई व ठेकेदार के विरुद्ध प्राथमिकी पंजीकृत कराई गई है। -डॉ. राजेन्द्र पैंसिया, डीएम।
